चित्रकूट में एक करोड़ से बदलेगी जीजीआईसी की सूरत, स्मार्ट क्लास में पढ़ेंगी छात्राएं
चित्रकूट के राजकीय बालिका इंटर कॉलेज कर्वी में नए साल से छात्राओं को आधुनिक शिक्षण सुविधाएं मिलेंगी। एक करोड़ रुपये ...और पढ़ें

HighLights
राजकीय बालिका इंटर कालेज कर्वी में आधुनिक शिक्षण सुविधाएं मिलेंगी।
एक करोड़ रुपये से स्मार्ट टीवी, कक्षा उन्नयन कार्य होगा।
600 से अधिक छात्राओं को मिलेगा सुरक्षित, स्वच्छ शिक्षण माहौल।
जागरण संवाददाता, चित्रकूट। राजकीय बालिका इंटर कॉलेज कर्वी में नए साल से आधुनिक शिक्षण सुविधाएं मिलने लगेंगी। करीब एक करोड़ रुपये की लागत से स्मार्ट टीवी, कक्षा-कक्षों के उन्नयन और परिसर को स्वच्छ व सुरक्षित बनाने के कार्य कराए जा रहे हैं। जिलाधिकारी पुलकित गर्ग की पहल पर जिला खनिज न्यास निधि से शुरू इन कार्यों से 600 से अधिक छात्राओं को लाभ होगा।
प्रधानाचार्य शशिकला ने बताया कि दस कक्षों में स्मार्ट टीवी लगाई जा रही हैं। इनके जरिए डिजिटल बोर्ड और एनीमेशन जैसी तकनीकों से पढ़ाई को सरल और रोचक बनाया जाएगा। दस कक्षों में टाइल्स लगाने का काम जारी है, जिनमें सात कमरों का काम पूरा हो चुका है। सभी कक्षों में पुट्टी और रंगाई-पुताई पूरी कर ली गई है। गलियारों, कार्यालय, स्टाफ रूम और अन्य हिस्सों में भी टाइल्स लगाई जानी हैं।
परिसर में ओपन जिम में इंटरलाकिंग कराई जा रही है, जिससे धूल कम होगी। मुख्य गेट का निर्माण और किचेन गार्डन में लोहे की जाली लगाने का काम भी प्रस्तावित है। इससे बगीचे में उगाई जाने वाली सब्जियों की सुरक्षा में मदद मिलेगी। छात्राओं को स्वच्छ पेयजल देने के लिए वाटर कूलर के साथ आरओ भी लगाया जाएगा। निर्माण और मरम्मत की जिम्मेदारी चित्रकूट विशेष क्षेत्र विकास प्राधिकरण को सौंपी गई है।
जिला विद्यालय निरीक्षक रवि शंकर ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देशन में माध्यमिक शिक्षा में आधुनिक तकनीक के उपयोग और छात्राओं के लिए सुरक्षित व बेहतर वातावरण बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं। नए साल में छात्राओं को इन सुविधाओं का लाभ मिलने लगेगा।
