विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

लेमनग्रास और कैमोमाइल की खेती किसानों के लिए बनी वरदान, प्रति बीघा डेढ़ लाख रुपये तक हो रही कमाई

Published: Wed, 18 Nov 2026 02:18 PM (IST)

चित्रकूट में प्रधानमंत्री की एफपीओ योजना के तहत लेमनग्रास और कैमोमाइल की खेती किसानों के लिए वरदान साबित हो रही है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए इस तस्वीर को एआई टूल Gemini की मदद से बनाया गया है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए इस तस्वीर को एआई टूल Gemini की मदद से बनाया गया है।

HighLights

  1. चित्रकूट में 27 एफपीओ से 10 हजार किसान जुड़े।

  2. लेमनग्रास, कैमोमाइल खेती से किसानों की आय बढ़ी।

  3. महिला किसानों ने प्रसंस्करण यूनिट लगाकर आत्मनिर्भरता पाई।

हेमराज कश्यप, चित्रकूट। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 29 फरवरी 2020 को बुंदेलखंड के अति पिछड़े जिले चित्रकूट से देशभर में 10 हजार किसान उत्पादक संगठनों (एफपीओ) के गठन की योजना का शुभारंभ किया था।

उद्देश्य था कि छोटे और सीमांत किसान अकेले खेती करने के बजाय संगठित होकर उत्पादन, प्रसंस्करण और बाजार तक अपनी पहुंच मजबूत करें। छह साल बाद इस पहल का असर चित्रकूट की खेती में दिखाई देने लगा है।

जिले में 27 एफपीओ काम कर रहे हैं, जिनसे करीब 10 हजार किसान जुड़े हैं। इन संगठनों के माध्यम से किसान अब परंपरागत खेती के साथ नई फसलों और सामूहिक उद्यम की ओर कदम बढ़ा रहे हैं।

नादिनकुर्मियान गांव में लेमनग्रास की खेती और उससे तेल उत्पादन का मॉडल इसी बदलाव की मिसाल बन रहा है। अब इस पहल में महिला किसानों की भागीदारी भी बढ़ी है। महिला व पुरुष करीब 700 किसान लेमनग्रास व कैमोमाइल की खेती कर रहे हैं। तेल निकालने की दो प्रोसेसिंग यूनिट भी स्थापित हो चुकी है।

बुंदेलखंड में किसानों के सामने सबसे बड़ी चुनौतियों में सिंचाई के लिए पानी की कमी और अन्ना मवेशियों से फसलों की सुरक्षा शामिल है। ऐसे में लेमनग्रास की खेती किसानों के लिए एक वैकल्पिक राह बनकर उभरी है। कम पानी और कम उपजाऊ जमीन में भी इसकी खेती संभव है।

C-304-1-KAN1070-359441

एक बार रोपाई करने के बाद कई वर्षों तक इसकी कटाई की जा सकती है। यही वजह है कि किसान अब इस फसल को अपनाने में रुचि दिखा रहे हैं। नादिनकुर्मियान गांव के लव सिंह ने किसानों को एकजुट कर सामूहिक खेती का माडल तैयार किया।

उन्होंने बताया कि देव बाबा बायो एनर्जी फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड नाम का उनका एफपीओ किसानों को लेमनग्रास की खेती के लिए प्रेरित करता है अब तक करीब 650 किसान जुड़ चुके हैं।

समूह के किसान लेमनग्रास की खेती कर रहे हैं और गांव में स्थापित आयल यूनिट में इसकी पत्तियों से सुगंधित तेल निकाला जा रहा है। इससे किसानों को केवल फसल उगाने तक सीमित रहने के बजाय उसके प्रसंस्करण से जुड़ने का अवसर मिला है। लव सिंह बताते हैं कि उन्हें 26 जनवरी 2027 को गणतंत्र दिवस समारोह में शामिल होने का आमंत्रित मिला है।

यह भी पढ़ें- अब प्याज की खेती से बंपर कमाई करेंगे किसान, उद्यान विभाग मुफ्त में देगा उन्नत बीज

महिला किसानों को आत्मनिर्भर बनाने की पहल

एफपीओ के माध्यम से खेती में आए बदलाव को अब ग्रामीण महिलाएं किसान भी आगे आई हैं। उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन और एसएचएल फाउंडेशन की ओर से संचालित माटी परियोजना विकासखंड कर्वी की छह ग्राम पंचायतों में 255 महिला किसानों जुड़ी हैं जिसमें 40 ने 35 एकड़ में लेमनग्रास व कैमोमाइल की खेती कर रही हैं।

महिला किसान चुन्नी देवी बताती हैं कि लेमनग्रास की खेती से उनको प्रति बीघा प्रतिवर्ष करीब 80 हजार से एक लाख रुपये तक आय मिलने का अनुमान है। लेमनग्रास के साथ कैमोमाइल की खेती को भी प्रोत्साहित किया जा रहा है।

कैमोमाइल की खेती से प्रति बीघा करीब डेढ़ लाख रुपये तक आय मिलने की संभावना है। उन्होंने अपनी उपज का स्थानीय स्तर पर प्रसंस्करण करने के लिए ग्राम पंचायत बंदरी के सिलखोरी में लेमनग्रास प्रोसेसिंग और कैमोमाइल डिस्टिलेशन यूनिट स्थापित किया हैं।

जिले में 27 एफपीओ के माध्यम से करीब 10 हजार किसान सामूहिक प्रयासों से आगे बढ़ रहे हैं। लेमनग्रास की खेती और तेल उत्पादन इसका अच्छा उदाहरण है। हमारा प्रयास है कि एफपीओ के माध्यम से किसानों को नई फसलों, आधुनिक तकनीक, प्रसंस्करण और बाजार से जोड़ा जाए, ताकि उनकी उपज का बेहतर मूल्य मिले और आमदनी बढ़े। लेमनग्रास और कैमोमाइल जैसी फसलों का विस्तार कर बुंदेलखंड की कृषि को नई पहचान दिलाने की दिशा में काम किया जा रहा है।
-पुलकित गर्ग, जिलाधिकारी, चित्रकूट

लेमनग्रास एक औषधीय पौधा

लेमनग्रास मूल रूप से श्रीलंका, दक्षिण भारत, थाईलैंड और बर्मा का पौधा है। विश्व की लेमनग्रास फसल का 80 प्रतिशत हिस्सा भारत में उत्पादित होता है। इसकी पत्तियों और तने का उपयोग हर्बल चाय, काढ़ा, सूप और विभिन्न व्यंजनों में स्वाद तथा सुगंध बढ़ाने के लिए किया जाता है। इस औषधीय पौधा का उपयोग सर्दी-जुकाम, बुखार, पाचन की समस्याओं (गैस, अपच, एसिडिटी) और जोड़ों के दर्द में राहत के लिए किया जाता है। इसमें सिट्रोनेला तेल पाया जाता है, जो मच्छरों और कीड़ों को दूर रखने का काम करता है।

कैमोमाइल भी औषधीय पौधा

कैमोमाइल एक प्रसिद्ध औषधीय और खुशबूदार जड़ी-बूटी वाला पौधा है। इसके सूखे फूलों को गर्म पानी में उबालकर हर्बल चाय बनाई जाती है। यह कैफीन-मुक्त होती है और तनाव कम करने तथा अच्छी नींद लाने में काफी मददगार मानी जाती है। यह पेट की गैस, ऐंठन और पाचन तंत्र से जुड़ी समस्याओं को शांत करती है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।