चित्रकूट में रिश्तों का खून: दो बेटों के झगड़े में मां ने गंवाई जान, चित्रकूट में 70 वर्षीय दिव्यांग महिला की पीटकर हत्या
चित्रकूट के सरधुवा थाना क्षेत्र में मोबाइल फोन को लेकर हुए विवाद में 70 वर्षीय दिव्यांग मां संवरिया देवी की ...और पढ़ें

घटना के बारे में बताता भाई भोले निषाद। जागरण
HighLights
चित्रकूट में मोबाइल विवाद में मां की हत्या
छोटे बेटे और बहू ने लाठी से पीटा
70 वर्षीय दिव्यांग मां संवरिया देवी की मौत
जागरण संवाददाता, चित्रकूट। सरधुवा थाना क्षेत्र के बक्टा खुर्द गांव में शनिवार की देर रात रिश्तों को कलंकित करने वाली वारदात हुई। मोबाइल फोन को लेकर दो भाइयों में विवाद के बीच बीच-बचाव करने आई 70 वर्षीय दिव्यांग मां संवरिया देवी की छोटे बेटे और बहू ने लाठी से पीट-पीटकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपित पत्नी-बच्चों के साथ फरार हो गया। पुलिस ने गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज किया है।
गांव निवासी 39 वर्षीय भोले निषाद ने बताया कि शनिवार रात करीब नौ बजे उसका छोटा भाई 35 वर्षीय जुगुल निषाद शराब पीकर घर आया और मोबाइल फोन मांगने लगा। बैलेंस न होने की बात कहने पर जबरन छीनाझपटी करने लगा। इसी दौरान मारपीट शुरू हो गई।
जुगुल की पत्नी आरती भी आकर भोले को पीटने लगी।चारपाई पर लेटी मां संवरिया देवी उठीं और दोनों को अलग कर कमरे में जाने को कहा। इससे नाराज जुगुल ने मां के सिर, गर्दन व पीठ पर लाठी से कई वार कर दिए। आरती ने भी सास को पीटा। भोले ने मामा बुद्धिलाल को बुलाया तो उसे भी पीटकर घायल कर दिया।
बचाने आई भोले की बेटियों रोशनी व मोनिका को भी पीटकर भगा दिया। शोर सुन ग्रामीण पहुंचे तो जुगुल पत्नी और दो बच्चों के साथ भाग निकला। घायल संवरिया की मौत हो गई। थाना प्रभारी श्रीप्रकाश यादव ने बताया कि महिला को राजापुर सीएचसी ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित किया। भोले की तहरीर पर जुगुल व आरती पर रिपोर्ट दर्ज कर तलाश की जा रही है।
30 साल पहले मायके में आकर बसी थी संवरिया
कर्वी निवासी बहन रजवंती देवी ने बताया कि संवरिया की शादी लोहदा गांव में हुई थी, लेकिन 30 साल पहले वह बच्चों संग मायके बक्टा खुर्द में आकर बस गई थी। पीएम आवास में दोनों बेटे परिवार संग रहते थे। भोले व जुगुल ईंट-भट्ठा में मजदूरी करते हैं। जुलाई में दोनों गांव लौटे थे। जुगुल ने लव मैरिज की है। आरती रायबरेली जिले की निवासी है।
