चित्रकूट में टूटे रपटों की जगह बनेंगे दो लघु सेतु, 20 गांवों को मिलेगी आवागमन में बड़ी राहत
चित्रकूट में 4.35 करोड़ रुपये की लागत से दो नए आरसीसी बाक्स कल्वर्ट बनाए जाएंगे, जिससे बारिश में बाधित होने वाले 20 गांवों के लोगों को आवागमन में राहत मिलेगी।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।
जागरण संवाददाता, चित्रकूट। टूटे और क्षतिग्रस्त रपटों के कारण बारिश में आवागमन की समस्या झेल रहे करीब 20 गांवों के लोगों को अब राहत मिलने की उम्मीद है। शासन ने जिले में दो क्षतिग्रस्त रपटों की जगह आरसीसी बाक्स कल्वर्ट बनाने के लिए 4.35 करोड़ रुपये मंजूर किए हैं।
दोनों लघु सेतुओं के निर्माण से करीब एक लाख ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिलने का दावा किया गया है। फिलहाल दोनों परियोजनाओं की टेंडर प्रक्रिया प्रचलित है। निर्माण पूरा होने के बाद किसानों को खेतों तक पहुंचने, विद्यार्थियों को स्कूल-कालेज जाने और ग्रामीणों को बाजार व तहसील मुख्यालय तक आने-जाने में सहूलियत मिलेगी।
गांवों का संपर्क प्रभावित
कोपा से बंबुरा चौराहा संपर्क मार्ग के किमी पांच में मौजूदा रपटे की जगह चार मीटर चौड़ा, छह मीटर लंबा और चार मीटर ऊंचा आरसीसी बाक्स कल्वर्ट बनाया जाएगा। इस परियोजना के लिए 150.64 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। बारिश के दौरान पानी बढ़ने पर इस मार्ग से जुड़े गांवों का संपर्क प्रभावित होता है।
इसी तरह मानिकपुर-सतना मार्ग के किमी पांच में जडेरा नाला पर क्षतिग्रस्त रपटे की जगह छह मीटर लंबा, पांच मीटर चौड़ा और चार मीटर ऊंचा आरसीसी बाक्स कल्वर्ट बनाया जाएगा। इसके लिए 285.05 लाख रुपये स्वीकृत हुए हैं। दोनों परियोजनाओं की कुल लागत 435.69 लाख रुपये है।
गोपीपुर निवासी गोविंद, गोकुल प्रसाद और रमईलाल के अनुसार बारिश के दिनों में नालों में पानी बढ़ने पर रपटों से आवागमन मुश्किल हो जाता है। कई बार किसानों को खेतों तक पहुंचने के लिए लंबा रास्ता तय करना पड़ता है।
विद्यार्थियों और मरीजों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है। स्थायी पुल बनने से यह समस्या कम होने की उम्मीद है। जिलाधिकारी पुलकित गर्ग ने बताया कि दोनों लघु सेतु का टेंडर प्रक्रिया तल रही है बारिश सीजन के बाद काम शुरु होगा।
