चित्रकूट की बेटियों ने बढ़ाया मान, वॉलीबॉल टीम ने जीता कांस्य; विनीता-रिंकी का राष्ट्रीय चयन
चित्रकूट के इटौरा उच्च प्राथमिक विद्यालय की बालिका वॉलीबॉल टीम ने 17वीं प्रदेशीय प्रतियोगिता में तीसरा स्थान प्राप्त किया। विनीता ...और पढ़ें

HighLights
इटौरा विद्यालय की बालिका वॉलीबॉल टीम ने प्रदेश में तीसरा स्थान पाया।
विनीता और रिंकी का राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयन हुआ।
25 साल बाद बालिकाओं ने कांस्य पदक जीतकर इतिहास रचा।
जागरण संवाददाता, चित्रकूट। उच्च प्राथमिक विद्यालय इटौरा की बालिका वालीबाल टीम ने 17वीं प्रदेशीय विद्यालयीय प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश में तीसरा स्थान प्राप्त कर जिले का नाम रोशन किया है। विनीता व रिंकी का नेशनल प्रतियोगिता के लिए चयन हुआ है। प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता में चित्रकूट की टीम ने आजमगढ़, गोरखपुर और वाराणसी को हराया था। सेमीफाइनल में मुरादाबाद से हारने पर तीसरा स्थान मिला।
बीएसए रंजना शुक्ला और क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी अरविंद सोनकर ने बुधवार को खिलाड़ियों को माल्यार्पण कर मेडल, प्रमाण पत्र और ट्रैक सूट देकर हौसला बढ़ाया। बीएसए ने कहा कि 25 साल बाद बालिकाओं ने कांस्य जीतकर इतिहास रचा है। 14 वर्षीय वर्ग में कक्षा 6, 7 व 8 की बच्चियों का यह प्रदर्शन गौरव की बात है। इस मौके पर प्रशिक्षक श्याम सुंदर यादव व श्रीकेशन आदि मौजूद रहे।
पांच तक कराएं संकुल रैली
बीएसए ने जनपद के समस्त खंड शिक्षा अधिकारियों, जिला व्यायाम शिक्षक, समस्त ब्लाक व्यायाम शिक्षकों, खेल अनुदेशकों व व्यायाम पीटी टीम के प्रधानाध्यापक शिव कृपाल सिंह के साथ बैठक की। सभी को संकुल रैली पांच अक्टूबर तक कराने व ब्लाक रैली छह व सात अक्टूबर को जनपदीय रैली 14 व 15 अक्टूबर को व मंडलीय रैली 17 व 18 अक्टूबर तक कराने के निर्देश दिए हैं। बताया कि जनपदीय व मंडलीय रैली ऋषि गुरूकुलम राजापुर में होगी।
बालक/बालिका वर्ग पैदल चाल प्रतियोगिता दो अक्टूबर को
क्षेत्रीय क्रीड़ाधिकारी अरविंद कुमार सोनकर ने बताया कि स्पोर्ट्स स्टेडियम में दो अक्टूबर गांधी जयंती पर पैदल चाल प्रतियोगिता सीनियर बालक/बालिका वर्गों का आयोजन किया जायेगा। प्रतियोगिता सुबह 7.30 बजे से शुरू होगी। प्रवेश निश्शुल्क है दोनों वर्गों में प्रथम से छह स्थान पर आने वाले खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान किये जायेंगे।
