चंदौली में चलती ट्रेन में खिड़की से अंदर आया पत्थर, सिर पर लगने से 18 साल के युवक की मौत
चंदौली के सकलडीहा स्टेशन के पास ब्रह्मपुत्रा मेल में यात्रा कर रहे 18 वर्षीय युवक अंकित कुमार की पत्थर लगने से मौत हो गई।

प्रतीकात्मक तस्वीर

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, चंदौली। सकलडीहा स्टेशन के पास गुरुवार को डाउन ब्रह्मपुत्रा मेल में यात्रा कर रहे एक 18 वर्षीय युवक के सिर पर अचानक बाहर से आया एक पत्थर लग गया। जिससे उसकी मौत हो गई। इस घटना के बाद ट्रेन में खलबली मच गई। मृतक की पहचान बिहार के मुंगेर जिले के निवासी के रूप में हुई है।
मृतक अंकित कुमार (18) पुत्र भरत दास, निवासी सदर बाजार, जमालपुर थाना आदर्श मुंगेर, बिहार का रहने वाला था। वह अपने दोस्त बजरंगी बिंद के साथ दिल्ली में नौकरी करता था। गुरुवार को दोनों 15657 डाउन ब्रह्मपुत्रा मेल से अपने घर मुंगेर लौट रहे थे। जैसे ही ट्रेन सकलडीहा स्टेशन के समीप पहुंची। अचानक बाहर से फेंका गया एक पत्थर खिड़की से अंदर आया और सीधे अंकित के सिर पर लगा।
पत्थर लगते ही अंकित के सिर से काफी खून बहने लगा और वह बेसुध होकर गिर पड़ा। सह-यात्रियों ने तत्काल इसकी सूचना रेल प्रशासन को दी। सकलडीहा स्टेशन पर उप-स्टेशन मास्टर राकेश राजेंद्र और अन्य कर्मियों के सहयोग से घायल युवक को तत्काल सकलडीहा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया।
हालांकि अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही सकलडीहा कोतवाली पुलिस और जीआरपी दिलदारनगर की टीम मौके पर पहुंच गई।
पुलिस ने मृतक के साथी से पूछताछ की और उसके पास मिले दस्तावेजों के आधार पर स्वजनों को सूचित किया। बेटे की मौत की खबर सुनते ही घर में कोहराम मच गया। सकलडीहा पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर कानूनी कार्यवाही पूरी करने में जुट गई है।
