विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यूपी बोर्ड 2027 परीक्षा: हाईस्कूल-इंटर की कॉपियों में बड़ा बदलाव, दो के बजाए एक ही होगा कवर पेज

Published: Wed, 14 Oct 2026 07:08 PM (IST)

यूपी बोर्ड की वर्ष 2027 की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षाओं के लिए उत्तर पुस्तिकाओं के प्रारूप में बदलाव किया जा ...और पढ़ें

News Article Hero Image

HighLights

  1. 2027 यूपी बोर्ड परीक्षा की उत्तर पुस्तिकाओं में बदलाव।

  2. अब एक ही कवर पेज और क्यूआर कोड होगा।

  3. गड़बड़ियों पर अंकुश लगाने में मिलेगी मदद।

जागरण संवाददाता, चंदौली। यूपी बोर्ड की वर्ष 2027 की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा में उत्तर पुस्तिकाओं के प्रारूप में बदलाव किया जा रहा है। अब कॉपियाें का मुख्य कवर पेज एक ही होगा। पहले उत्तर पुस्तिकाओं पर दो कवर पेज होते थे।

नई व्यवस्था के तहत परीक्षा से संबंधित विवरण और परीक्षक की ओर से अंकों का ब्योरा इसी पृष्ठ पर दर्ज किया जाएगा। इसके साथ ही उत्तर पुस्तिकाओं के रंग अलग-अलग रखे जाएंगे और उन पर क्यूआर कोड भी अंकित रहेगा। इससे कापियों की पहचान करने और उनके स्थान पर दूसरी उत्तर पुस्तिका के इस्तेमाल आदि गड़बड़ियों पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी।

केंद्र निर्धारण की प्रक्रिया बोर्ड ने आरंभ

जिले के 246 माध्यमिक विद्यालयों से हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के कुल 59,729 छात्र-छात्राएं पंजीकृत हैं। इनमें हाईस्कूल के 31,826 और इंटरमीडिएट के 27,903 परीक्षार्थी शामिल हैं। परीक्षार्थियों की संख्या को देखते हुए परीक्षा केंद्रों के निर्धारण से लेकर उत्तर पुस्तिकाओं की उपलब्धता तक की तैयारियां महत्वपूर्ण होंगी।

विभाग की ओर से बोर्ड के दिशा-निर्देशों के अनुरूप परीक्षा व्यवस्था को अंतिम रूप दिया जाएगा। केंद्र निर्धारण की प्रक्रिया बोर्ड ने आरंभ कर दी है। सोमवार की देर शाम समय-सारिणी की घोषणा भी कर दी गई। इस बार पांच फरवरी से ही बोर्ड की परीक्षा प्रस्तावित है। वहीं, माध्यमिक विद्यालयों में अभी तक हाईस्कूल व इंटर के 55 प्रतिशत कोर्स ही पूरे हो सके हैं।

82 केंद्रों पर हुई थी पिछली परीक्षा

पिछले वर्ष जिले में 82 केंद्रों पर बोर्ड परीक्षा कराई गई थी। यहां 61,755 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी थी। इस बार भी लगभग इतने ही केंद्र बनाए जाने की तैयारी है। केंद्र निर्धारण में विद्यालयों की उपलब्धता, परीक्षार्थियों की संख्या और परीक्षा संबंधी मानकों को ध्यान में रखा जाएगा।

उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से उत्तर पुस्तिकाओं के प्रारूप में बदलाव किया जा रहा। नई व्यवस्था के संबंध में बोर्ड से प्राप्त दिशा-निर्देशों के अनुसार परीक्षा की तैयारियां सुनिश्चित की जाएंगी।

-धर्मेन्द्र कुमार, जिला विद्यालय निरीक्षक।

यह भी पढ़ें- परीक्षा के लिए पुश्तैनी जमीन रखी गिरवी, लेकिन मेरिट लिस्ट में नहीं आ सका; JSSC Scam के दोषियों की जमानत खारिज

यह भी पढ़ें- यूपी के युवाओं की बल्ले-बल्ले: बस स्टैंड के बुक स्टॉल पर 50% छूट पर मिलेंगी प्रतियोगी परीक्षाओं की किताबें