विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दीवाली पर दो स्पेशल ट्रेनों से 3900 यात्रियों ने किया सफर, चंदौली में DRM ने रेलकर्मियों को खिलाई मिठाई

Published: Mon, 09 Nov 2026 08:11 AM (IST)

दीपावली पर पीडीडीयू मंडल से गया के लिए दो अतिरिक्त स्पेशल ट्रेनें चलाई गईं, जिनसे लगभग 3900 यात्रियों को घर पहुंचने में मदद मिली।

News Article Hero Image

HighLights

  1. पीडीडीयू मंडल से दो स्पेशल ट्रेनें दीपावली पर चलीं।

  2. इन ट्रेनों से करीब 3900 यात्रियों ने यात्रा की।

  3. डीआरएम ने रेलकर्मियों को मिठाई खिलाकर उत्साह बढ़ाया।

जागरण संवाददाता, पीडीडीयू नगर (चंदौली)। दीपावली पर अपनों के बीच पहुंचने की राह देख रहे यात्रियों के लिए पीडीडीयू मंडल की दो स्पेशल ट्रेनें मददगार बनीं।

रविवार को यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए मंडल रेल प्रबंधक उदय सिंह मीना के निर्देश पर पीडीडीयू जंक्शन से गया के लिए दो अतिरिक्त स्पेशल ट्रेनों का परिचालन कराया गया।

दोनों ट्रेनों से करीब 3900 यात्रियों ने सफर किया। स्थानीय स्तर पर त्वरित निर्णय लेकर अतिरिक्त ट्रेनों का संचालन कराने से यात्रियों को काफी राहत मिली। वहीं दीपावली के अवसर पर डीआरएम ने स्टेशन पर यात्री सेवा में जुटे रेलकर्मियों के बीच पहुंचकर मिठाई खिलाई और पर्व की शुभकामनाएं दीं।

पहली स्पेशल ट्रेन सुबह 10:25 बजे गया के लिए रवाना हुई। इसमें करीब तीन हजार यात्री सवार हुए। दूसरी ट्रेन दोपहर 3:20 बजे रवाना हुई, जिससे लगभग 900 यात्रियों ने यात्रा की।

दोनों ट्रेनों का ठहराव चंदौली मझवार, भभुआ रोड, कुदरा, सासाराम, डेहरी ऑन सोन, अनुग्रह नारायण रोड, रफीगंज और गुरारू स्टेशनों पर दिया गया। इससे बीच के स्टेशनों के यात्रियों को भी अपने गंतव्य तक पहुंचने में सहूलियत मिली।

WhatsApp Image 2026-11-08 at 5.43.54 PM

उद्घोषणा कर यात्रियों को दी गई जानकारी

स्पेशल ट्रेनों के परिचालन से पहले स्टेशन के प्लेटफॉर्मों पर रेलकर्मियों की टीमें तैनात की गईं। लंबी दूरी की ट्रेनों से उतरकर गया की ओर जाने वाले यात्रियों को लगातार उद्घोषणा के माध्यम से अतिरिक्त ट्रेनों की जानकारी दी गई।

रेलकर्मियों ने यात्रियों को चिह्नित कर फुट ओवरब्रिज के रास्ते संबंधित प्लेटफॉर्म तक पहुंचने में मदद की। इससे यात्रियों को ट्रेन पकड़ने में परेशानी नहीं हुई।

मिठाई खिलाकर कर्मचारियों का बढ़ाया उत्साह

दीपावली पर मंडल रेल प्रबंधक उदय सिंह मीना यात्री सेवा में तैनात रेलकर्मियों के बीच पहुंचे। उन्होंने कर्मचारियों को मिठाई खिलाकर दीपावली की बधाई दी। साथ ही दीपावली और छठ पर्व के दौरान यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए उनका उत्साहवर्धन किया।

इस दौरान अपर मंडल रेल प्रबंधक कुलदीप, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक राजीव रंजन, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक केशव आनंद सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। मंडल की ओर से यात्रियों की आवाजाही पर लगातार नजर रखी जा रही है, ताकि जरूरत के अनुसार त्वरित निर्णय लेकर अतिरिक्त सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

यह भी पढ़ें- दीपावली के दिन भी ट्रेनों की लेटलतीफी से यात्रियों की बढ़ी परेशानी, पानीपत जंक्शन पर घंटों से कर रहे इंतजार

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।