यूपी-बिहार वालों को खुशखबरी! दिल्ली से पटना के बीच एक और वंदे भारत एक्सप्रेस का एलान, इन स्टेशनों पर ठहराव
रेलवे ने त्योहारों पर बढ़ती भीड़ को देखते हुए पटना और नई दिल्ली के बीच एक और वंदे भारत फेस्टिवल स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है।

HighLights
पटना-नई दिल्ली के बीच नई वंदे भारत फेस्टिवल स्पेशल ट्रेन।
यह ट्रेन डीडीयू जंक्शन होकर चलेगी, यात्रियों को राहत मिलेगी।
त्योहारों पर भीड़ कम करने हेतु रेलवे का महत्वपूर्ण निर्णय।
जागरण संवाददाता, चंदौली। त्योहारों पर ट्रेनों में बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने पटना और नई दिल्ली के बीच एक और वंदे भारत फेस्टिवल स्पेशल चलाने का निर्णय लिया है। इससे पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन होकर यात्रा करने वाले यात्रियों को भी राहत मिलेगी। 20 कोच वाली यह ट्रेन दोनों दिशाओं में डीडीयू जंक्शन पर रुकेगी।
02254 नई दिल्ली-पटना वंदे भारत फेस्टिवल स्पेशल गुरुवार से 26 नवंबर तक सप्ताह में तीन दिन मंगलवार, गुरुवार और रविवार को चलेगी। नई दिल्ली से सुबह 8:35 बजे प्रस्थान कर ट्रेन शाम छह बजे डीडीयू जंक्शन पहुंचेगी। यहां से 6:10 बजे रवाना होकर शाम 7:26 बजे बक्सर, रात 8:10 बजे आरा रुकते हुए 9:30 बजे पटना जंक्शन पहुंचेगी।
वापसी में 02253 पटना-नई दिल्ली वंदे भारत फेस्टिवल स्पेशल 24 अक्टूबर से 28 नवंबर तक शनिवार, सोमवार और बुधवार को चलेगी। पटना से सुबह 10 बजे रवाना होकर ट्रेन 11:25 बजे बक्सर से होते हुए दोपहर 1:10 बजे पीडीडीयू जंक्शन पहुंचेगी। यहां से 1:20 बजे प्रस्थान कर प्रयागराज, कानपुर सेंट्रल और अलीगढ़ होते हुए रात 11:30 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी।
रेलवे के इस निर्णय से दिल्ली, प्रयागराज, पटना और आसपास के क्षेत्रों के बीच त्योहार के दौरान यात्रा करने वाले यात्रियों को अतिरिक्त विकल्प मिलेगा। पीडीडीयू जंक्शन पर ठहराव होने से चंदौली सहित आसपास के जिलों के यात्रियों को भी लाभ होगा।
