वाराणसी को मिलेगी बड़ी सौगात, स्लीपर वंदे भारत सहित चार ट्रेनों को हरी झंडी दिखाएंगे रेलमंत्री
रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव 31 अक्टूबर को वाराणसी से स्लीपर वंदे भारत सहित चार ट्रेनों को हरी झंडी दिखाएंगे। इससे नई दिल्ली, अहमदाबाद और स्थानीय यात्रा के लिए कनेक्टिविटी बेहतर होगी।

31 अक्टूबर को स्लीपर वंदे भारत सहित चार ट्रेनों को हरी झंडी दिखाएंगे रेलमंत्री।
HighLights
रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव 31 अक्टूबर को चार ट्रेनें करेंगे शुरू।
स्लीपर वंदे भारत, एक्सप्रेस और मेमू ट्रेनें होंगी शामिल।
नई दिल्ली, अहमदाबाद और स्थानीय कनेक्टिविटी में होगा सुधार।
जागरण संवाददाता, वाराणसी। आगामी 31 अक्टूबर को स्लीपर वंदे भारत, एक्सप्रेस और मेमू समेत चार ट्रेनें पटरी पर उतरेंगी। रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव बनारस रेलवे स्टेशन पर इन्हें हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। नार्दन और पूर्वोत्तर रेल की चारो ट्रेनों के एक साथ पटरी पर उतरने से नई दिल्ली और अहमदाबाद जाने वाले यात्रियों की राह आसान हो जाएगी।
प्रयागराज-वाराणसी और वाराणसी शहर में कई फेरे लगाने मेमू की उपलब्धता वाराणसी में रेलवे को सड़क परिवहन के मुकाबिल ला खड़ा करेगा। हालांकि, रेल अधिकारी उद्धाटन के लिए 31 अक्टूबर की तिथि निर्धारित होने का जवाब देने से बचते रहे।
रेल सूत्रों के मुताबिक, स्लीपर वंदे भारत रात साढ़े नौ बजे वाराणसी जंक्शन से रवाना होकर तड़के साढ़े चार से पांच बजे नई दिल्ली पहुंचेगी। वहां से राजधानी समेत अधिकतर प्रीमियम ट्रेनें सुबह छह बजे के बाद रवाना होती हैं। ऐसे में वाराणसी-नई दिल्ली स्लीपर वंदे भारत के यात्रियों को आगे की यात्रा के लिए लिंक ट्रेनें मिल सकेंगी।
साबरमती एक्सप्रेस वाराणसी जंक्शन यानी कैंट स्टेशन से रवाना होगी। वहीं, बनारस स्टेशन से प्रयागराज के लिए नियमित मेमू चलेगी। चौथी ट्रेन वाराणसी सिटी और राजातालाब के बीच फेरे लगाएगी।
मुंबई मेट्रो की तर्ज पर चलने वाली यह मेमू वाराणसी सिटी से रवाना होकर वाराणसी जंक्शन, बनारस स्टेशन, भुल्लनपुर और हरदत्तपुर होते हुए राजातालाब पहुंचेगी। यह इस मार्ग पर कई फेरे लगाएगी। रेलवे की योजना से शहर में जाम से राहत मिलने की उम्मीद है। निर्धारित समय पर मेमू सेवा चलने से रेल राजस्व को भी लाभ होगा।
