विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जंगल में अपराधियों की तलाश में निकली चंदौली पुलिस के सामने अचानक आ धमका खूंखार जानवर, थम गई सांसें

Published: Mon, 05 Oct 2026 03:05 PM (IST)

नौगढ़ के जंगलों में अपराधियों की तलाश में निकली पुलिस टीम का सामना अचानक एक लकड़बग्घे से हो गया।

नौगढ़ के जंगल में लकड़बग्घा का वायरल फोटो

नौगढ़ के जंगल में लकड़बग्घा का वायरल फोटो

HighLights

  1. पुलिस को अपराधियों की तलाश में लकड़बग्घे का सामना करना पड़ा।

  2. घटना मोबाइल में कैद हुई, वीडियो तेजी से वायरल।

  3. नौगढ़ जंगल में गश्त दोहरी चुनौती, अपराधी और जानवर।

जागरण संवाददाता, चंदौली। नौगढ़ के बीहड़ जंगलों में पुलिस की पेट्रोलिंग कितनी चुनौतीपूर्ण है, इसका अंदाजा इस वायरल वीडियो से लगाया जा सकता है। अपराधियों की तलाश में जंगल में घुसी पुलिस टीम का सामना अचानक जंगली जानवर से हो गया।

अंधेरे में जब टॉर्च की रोशनी में लकड़बग्घा सामने आया तो एक पल के लिए पुलिसकर्मियों के भी कदम ठिठक गए। पुलिस को सूचना मिली थी कि क्षेत्र के कुछ वांछित अपराधी जंगल में शरण लिए हैं। इसी सूचना पर थाना पुलिस देर शाम जंगल में कांबिंग कर रही थी।

80834192

नौगढ़ का जंगल घना होने के साथ-साथ वन्यजीवों का गढ़ भी है। पुलिस टीम अभी जंगल के कच्चे रास्ते पर ही थी कि झाड़ियों के बीच से अचानक एक लकड़बग्घा निकलकर सामने आ गया। वह कुछ देर तक वाहन की हेडलाइट के सामने खड़ा रहा और फिर धीरे-धीरे जंगल में ओझल हो गया।

इस पूरे घटनाक्रम को पुलिसकर्मियों ने अपने मोबाइल में कैद कर लिया, जो अब इंटरनेट मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा है। काशी वन्य जीव प्रभाग के अधिकारियों की मानें तो इस क्षेत्र में लकड़बग्घा, तेंदुआ, भालू और सियार जैसे जानवरों की लगातार मौजूदगी दर्ज की जा रही है।

दिन में भी जानवर सड़क पार करते देखे जाते हैं। ऐसे में रात के समय जंगल में गश्त करना पुलिस के लिए दोहरी चुनौती है। एक तरफ अपराधियों का डर, दूसरी तरफ जंगली जानवरों का खतरा।

पुलिसकर्मियों को अक्सर बिना संसाधन के ही बीहड़ में उतरना पड़ता है। फिलहाल वीडियो वायरल होने के बाद क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है कि कैसे नौगढ़ के जवान विषम परिस्थितियों में भी अपराध पर लगाम लगाने के लिए जंगल में उतरकर ड्यूटी कर रहे हैं।

यह भी पढ़ें- 'कोरोना' से लेकर 'पनौती' तक... यूपी के इन गांवों के अजीबोगरीब नाम सुनकर पकड़ लेंगे माथा, नहीं रोक पाएंगे हंसी