देव दीपावली पर 2.25 लाख दीपों से जगमगाया चंदौली, 53 मुख्य स्थानों पर हुआ भव्य दीपदान
चंदौली जिले में देव दीपावली का उल्लास दिखा, जहाँ 53 स्थानों पर 2.25 लाख से अधिक दीप प्रज्ज्वलित किए गए। गंगा घाटों, सरोवरों और मंदिरों में दीपों की रोशनी से पूरा जनपद जगमगा उठा, श्रद्धालुओं ने दीपदान कर सुख-समृद्धि की कामना की।

तालाब के घाट पर दीपक जलातीं महिलाएं। जागरण।
HighLights
चंदौली में 53 स्थानों पर 2.25 लाख से अधिक दीप प्रज्ज्वलित।
गंगा घाटों, सरोवरों पर दीपदान, श्रद्धालुओं ने सुख-समृद्धि की कामना की।
बलुआ पश्चिम वाहिनी गंगा घाट पर 21 हजार दीप जलाए गए।
जागरण संवाददाता, चंदौली। जिले में मंगलवार को देव दीपावली का उल्लास रहा। गंगा घाटों से लेकर सरोवरों, पोखरों और मंदिरों तक दीपों की रोशनी से पूरा जनपद जगमगा उठा। जिले में 53 स्थानों पर 2.25 लाख से अधिक दीप प्रज्ज्वलित किए गए। धरती पर दीपों की कतारें सजीं तो आसमान रंग-बिरंगी आतिशबाजी से रोशन हो उठा। शाम ढलते ही घाटों और जलाशयों का दृश्य अलौकिक हो गया। श्रद्धालुओं ने दीपदान कर मां गंगा की आराधना की और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।
बलुआ स्थित पश्चिम वाहिनी गंगा घाट पर गंगा सेवा समिति की ओर से देव दीपावली गंगा महोत्सव का आयोजन किया गया। यहां पुराने और नए घाटों पर 21 हजार दीप जलाए गए। गंगा तट को आकर्षक झालरों और विद्युत रोशनी से सजाया गया था। शाम को मां गंगा की महाआरती हुई। इसके बाद श्रद्धालुओं ने दीपदान किया। गंगा की लहरों के बीच जलते दीपों का दृश्य आकर्षण का केंद्र रहा। महोत्सव में धार्मिक आयोजनों के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम भी हुए। बलुआ सराय रामघाट और बाबा कीनाराम धाम में भी श्रद्धालुओं ने दीपदान किया।
बाबा कीनाराम धाम परिसर को रंग-बिरंगी विद्युत लताओं से सजाया गया था। दीपों की रोशनी से पूरा परिसर जगमगा उठा। श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि की कामना की। पीडीडीयू नगर के मानसरोवर, दामोदरदास और सुभाष नगर सरोवर पर भी दीपोत्सव का आयोजन हुआ। यहां सामाजिक संगठनों और स्थानीय लोगों ने घाटों की सजावट कर दीपदान किया। सकलडीहा, सैयदराजा, बबुरी, इलिया, शहाबगंज, धानापुर, धीना और नौगढ़ सहित जिले के विभिन्न क्षेत्रों में भी देव दीपावली मनाई गई।
गंगा के किनारे रामनगर से डोमरी, सूजाबाद होते हुए बहादुरपुर तक लगभग सात किलोमीटर लंबे गंगा तट को रंग-बिरंगी झालरों से सजाया गया था। गंगा किनारे स्थित सात आश्रमों में भी दीपदान के आयोजन हुए। घाटों तक पहुंचने के लिए प्रमुख मार्गों पर व्यवस्था की गई थी। देव दीपावली के आयोजनों में युवाओं, महिलाओं, सामाजिक संगठनों और स्वयंसेवी संस्थाओं की भागीदारी रही। श्रद्धालुओं ने दीपदान के साथ गंगा और जलाशयों को स्वच्छ रखने का संकल्प भी लिया।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।