वाराणसी एयर शो के लिए DDU जंक्शन पर भी तैयारी तेज, VIP और आम यात्रियों के लिए रास्ते होंगे अलग; बनेगा होल्डिंग एरिया
वाराणसी में प्रस्तावित एयर शो के लिए पीडीडीयू जंक्शन पर यात्रियों की भीड़ और यातायात व्यवस्था संभालने की तैयारियां तेज हो गई हैं।

पीडीडीयू जंक्शन
HighLights
पीडीडीयू जंक्शन पर एयर शो की तैयारी तेज हुई।
होल्डिंग एरिया और पार्किंग स्थल चिह्नित किए जा रहे।
वीआईपी व आम यात्रियों के लिए अलग रास्ते होंगे।
जागरण संवाददाता, चंदौली। वाराणसी में प्रस्तावित एयर शो को लेकर पीडीडीयू जंक्शन पर यात्रियों की भीड़ संभालने और यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने की तैयारी तेज हो गई है।
शनिवार को जिलाधिकारी चंद्रमोहन गर्ग, पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल, मंडल रेल प्रबंधक उदय सिंह मीना व आरपीएफ कमांडेंट दिनेश सिंह तोमर ने जंक्शन का निरीक्षण किया। एयर शो के दौरान बिहार, झारखंड और बंगाल से बड़ी संख्या में लोगों के ट्रेनों से पहुंचने की संभावना को देखते हुए स्टेशन परिसर में होल्डिंग एरिया बनाने और वाहनों की पार्किंग के लिए स्थान चिह्नित करने पर जोर दिया गया।

अधिकारियों ने एयर शो के मद्देनजर स्टेशन से बाहर निकलने वाले यात्रियों की आवाजाही, सड़क यातायात व पार्किंग व्यवस्था का जायजा लिया। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए रेलवे और जिला प्रशासन के बीच जिम्मेदारियां तय की गई हैं।
लोक निर्माण विभाग और पुलिस को सड़क यातायात संभालने के साथ वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थल तक पहुंचाने की जिम्मेदारी दी गई है। पार्किंग स्थलों का सर्वे कर उन्हें चिह्नित किया जा रहा है, ताकि वाहनों के बेतरतीब खड़े होने से जाम की स्थिति न बने।
प्रवेश द्वारों पर अलग-अलग व्यवस्था
जंक्शन के दूसरे और तीसरे प्रवेश द्वार के सामने अतिक्रमण हटाने का निर्देश दिया गया है, जिससे यात्रियों की आवाजाही सुचारु रहे और आपात स्थिति में रास्ता बाधित न हो। पहले प्रवेश द्वार को वीआईपी आवागमन के लिए आरक्षित रखने की योजना है।
स्टेशन परिसर से प्लेटफॉर्म तक भीड़ प्रबंधन की जिम्मेदारी रेलवे के वाणिज्य विभाग और आरपीएफ को सौंपी जाएगी। जरूरत के अनुसार रेलवे अन्य विभागों को भी सहयोग देगा।
यह भी पढ़ें- वाराणसी एयर शो के दौरान शहर में सिर्फ UP 65 नंबर की गाड़ियों को ही मिलेगी एंट्री, पुलिस ने तैयार किया ट्रैफिक प्लान
