छठ के बाद दिल्ली लौटने वालों को बड़ी राहत, चंदौली से दौड़ेगी एसी पूजा स्पेशल ट्रेन
रेलवे ने छठ महापर्व के बाद यात्रियों की सुविधा के लिए राजेंद्रनगर और नई दिल्ली के बीच एसी पूजा स्पेशल ...और पढ़ें
-1794291564434_m.webp)
यह तस्वीर एआई द्वारा बनाई गई है।
HighLights
राजेंद्रनगर-नई दिल्ली एसी पूजा स्पेशल ट्रेन चलेगी।
छठ के बाद दिल्ली लौटने वाले यात्रियों को सुविधा।
जनवरी 2027 से 12 जोड़ी ट्रेनों के नंबर बदलेंगे।
जागरण संवाददाता, पीडीडीयू नगर (चंदौली)। छठ महापर्व पर यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए रेलवे ने राजेंद्रनगर और नई दिल्ली के बीच पूर्णतया वातानुकूलित पूजा स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। ट्रेन 11 से 20 नवंबर तक सप्ताह में तीन दिन राजेंद्रनगर से चलेगी, जबकि वापसी में 12 से 21 नवंबर तक नई दिल्ली से परिचालित होगी।
दोनों दिशाओं में ट्रेन का ठहराव पीडीडीयू जंक्शन पर निर्धारित किया गया है। इससे बिहार से दिल्ली आने-जाने वाले यात्रियों को राहत मिलेगी। वहीं, नए वर्ष में रेल परिचालन व्यवस्था में बदलाव करते हुए पूर्व मध्य रेल ने 12 जोड़ी ट्रेनों के नंबर भी बदलने का निर्णय लिया है। जनवरी 2027 से गरीब रथ, सप्तक्रांति, श्रमजीवी, मगध और जनशताब्दी जैसी प्रमुख ट्रेनें नए नंबर से चलेंगी।
पीडीडीयू में दोनों दिशाओं में ठहराव
छठ के बाद दिल्ली लौटने वाले यात्रियों की सुविधा के लिए ट्रेन 02309 राजेंद्रनगर-नई दिल्ली एसी पूजा स्पेशल 11 से 20 नवंबर तक प्रत्येक बुधवार, शुक्रवार और रविवार को रात 8:10 बजे राजेंद्रनगर से प्रस्थान करेगी। यह 8:23 बजे पटना, 8:45 बजे दानापुर, 9:15 बजे आरा और रात 10 बजे बक्सर पहुंचेगी। इसके बाद रात 11:30 बजे पीडीडीयू जंक्शन पहुंचकर अगले दिन सुबह 3:45 बजे प्रयागराज और 6:45 बजे गोविंदपुरी (कानपुर) होते हुए दोपहर तीन बजे नई दिल्ली पहुंचेगी।
वापसी में ट्रेन 02310 नई दिल्ली-राजेंद्रनगर एसी पूजा स्पेशल 12 से 21 नवंबर तक प्रत्येक गुरुवार, शनिवार और सोमवार को शाम सात बजे नई दिल्ली से खुलेगी। अगले दिन सुबह 1:55 बजे गोविंदपुरी, पांच बजे प्रयागराज और 10:10 बजे पीडीडीयू जंक्शन पहुंचेगी। इसके बाद बक्सर, आरा, दानापुर और पटना होते हुए दोपहर दो बजे राजेंद्रनगर पहुंचेगी। पूरी तरह एसी कोच वाली इस ट्रेन से त्योहार के दौरान यात्रियों को अतिरिक्त विकल्प मिलेगा।
जनवरी से बदल जाएंगे 12 जोड़ी ट्रेनों के नंबर
पूर्व मध्य रेल ने परिचालनिक सुगमता के मद्देनजर जनवरी 2027 से 12 जोड़ी ट्रेनों को नए नंबर से चलाने का निर्णय लिया है। इसमें मुजफ्फरपुर-आनंद विहार गरीब रथ एक्सप्रेस का नंबर बदलकर 14031/14032 और सप्तक्रांति एक्सप्रेस का 15577/15578 हो जाएगा। रक्सौल-लोकमान्य तिलक कर्मभूमि एक्सप्रेस 15545/15546 तथा सहरसा-अमृतसर गरीब रथ एक्सप्रेस 14693/14694 नंबर से चलेगी। इसी तरह दरभंगा-जालंधर सिटी अंत्योदय एक्सप्रेस का नंबर 15541/15542, हावड़ा-धनबाद ब्लैक डायमंड एक्सप्रेस का 13387/13388 और पाटलिपुत्र-चंडीगढ़ एक्सप्रेस का 13255/13256 होगा।
राजगीर-नई दिल्ली श्रमजीवी एक्सप्रेस 13291/13292, पटना-रांची जनशताब्दी एक्सप्रेस 13265/13266 और इसलामपुर-नई दिल्ली मगध एक्सप्रेस 18633/18634 नंबर से परिचालित होगी। टाटा-कटिहार एक्सप्रेस के नए नंबर 18187/18188 और एरणाकुलम-पटना एक्सप्रेस के 16359/16360 होंगे। नए नंबर से परिचालन की शुरुआत अलग-अलग तिथियों पर होगी। सप्तक्रांति, ब्लैक डायमंड, श्रमजीवी, जनशताब्दी और मगध एक्सप्रेस एक जनवरी से नए नंबर से चलेंगी। अन्य ट्रेनों के नंबर भी जनवरी के पहले सप्ताह में बदल जाएंगे। यात्रियों को यात्रा की योजना बनाने और आरक्षण कराने से पहले नए ट्रेन नंबर की जानकारी लेने की सलाह दी गई है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।