खुशखबरी! दीपावली से पहले मिलेगा पीएम आवास योजना का लाभ, लाभार्थियों के खाते में भेजे जाएंगे 40 हजार रुपये
गरीब परिवारों को दीपावली से पहले प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण का लाभ मिलने की उम्मीद है। इस वर्ष 2,100 आवास ...और पढ़ें

HighLights
वनांचल के गरीब परिवारों को पीएम आवास का लाभ।
दीपावली से पहले मिलेगी पहली किस्त, 2,100 आवास स्वीकृत।
योजना पूरी तरह नि:शुल्क, धनराशि सीधे खाते में।
जागरण संवाददाता, चंदौली। वनांचल क्षेत्र के गरीब परिवारों को दीपावली से पहले प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण का लाभ मिलने की उम्मीद है। विकास खंड में इस वर्ष योजना के तहत 2,100 आवास स्वीकृत किए गए हैं। विभाग की ओर से पात्र लाभार्थियों के खाते में पहली किस्त भेजने की तैयारी की जा रही है। इससे पात्र परिवारों को अपना पक्का मकान बनाने में मदद मिलेगी।
प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत पात्र लाभार्थियों को मकान निर्माण के लिए कुल 1.20 लाख रुपये की मूल सहायता दी जाती है। इसमें पहली किस्त के रूप में 40 हजार रुपये दिए जाने की तैयारी है। इसके बाद निर्माण कार्य की प्रगति के अनुसार शेष धनराशि किस्तों में जारी की जाएगी। इसके अतिरिक्त पात्रता के आधार पर शौचालय निर्माण के लिए 12 हजार रुपये और मनरेगा के तहत निर्धारित मानकों के अनुसार मजदूरी का लाभ भी मिल सकता है।
प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण पूरी तरह निश्शुल्क
खंड विकास अधिकारी राकेश सिंह ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण पूरी तरह निश्शुल्क है। सभी ग्राम प्रधानों और सचिवों को निर्देशित किया गया है कि योजना का लाभ पात्र परिवारों तक पहुंचाने में पारदर्शिता बरती जाए। आवास की धनराशि सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में भेजी जाएगी। किसी को भी नकद भुगतान करने की आवश्यकता नहीं है।
बताया कि पात्रता सूची ग्राम पंचायतों में सार्वजनिक की गई है। लाभार्थी सूची में अपना नाम देखकर आवास से संबंधित जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। योजना से जुड़ी किसी भी समस्या के समाधान के लिए खंड विकास अधिकारी कार्यालय में संपर्क किया जा सकता है। इसके अलावा हेल्पलाइन नंबर 1077 पर भी शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।
