विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

चंदौली में गैस सिलिंडर आपूर्ति पर हंगामा, पर्ची लेकर चक्कर काट रहे उपभोक्ता पहुंचे डीएम आवास

Published: Sun, 27 Sep 2026 10:08 PM (IST)

चंदौली में रसोई गैस सिलिंडर की आपूर्ति को लेकर उपभोक्ता परेशान हैं, जहां जसूरी गोदाम पर हंगामा हुआ और लोग डीएम आवास तक शिकायत करने पहुंचे।

जसूरी स्थित एजेंसी पर उपभोक्ताओं की लगी भीड़। जागरण

जसूरी स्थित एजेंसी पर उपभोक्ताओं की लगी भीड़। जागरण 

HighLights

  1. जसूरी गोदाम पर गैस सिलिंडर आपूर्ति को लेकर हंगामा।

  2. उपभोक्ताओं ने डीएम आवास तक पहुंचकर की शिकायत।

  3. एजेंसियां नियमों का उल्लंघन कर रही हैं आपूर्ति।

जागरण संवाददाता, चंदौली। रसोई गैस सिलिंडर को लेकर इन दिनों उपभोक्ताओं की परेशानी बढ़ गई है। गैस एजेंसियों के गोदाम पर भोर होते ही उपभोक्ताओं की भीड़ जुट जा रही है। सिलिंडर पाने के लिए लोग घंटों कतार में खड़े हो रहे हैं।

कई उपभोक्ताओं का आरोप है कि पैसा जमा कराने के बाद भी उन्हें सिलिंडर नहीं मिल पा रहा है। पर्ची लेकर तीन दिनों से गोदाम के चक्कर काटने के बाद भी आपूर्ति नहीं हो रही है। रविवार को जसूरी स्थित गोदाम पर उपभोक्ताओं ने हंगामा किया।

अधिसंख्य उपभोक्ता जिलाधिकारी के आवास तक पहुंच गए। बाहर ड्यूटी पर तैनात कर्मियों ने उन्हें वापस कर दिया। काफी इंतजार के बाद भी एजेंसी पर कोई अधिकारी नहीं आए। करीब एक बजे के बाद कुछ लोगों को सिलिंडर मिल पाया। अधिसंख्य लोग खाली हाथ लौट गए।

स्थिति यह है कि सुबह होने से पहले ही उपभोक्ता गोदाम के बाहर पहुंच जा रहे हैं। हाथ में बुकिंग की पर्ची और भुगतान की रसीद लिए लोग अपनी बारी का इंतजार करते दिखाई दे रहे हैं। भीड़ बढ़ने के कारण कई बार धक्का-मुक्की की स्थिति भी बन जा रही है।

नियमों को तोड़ रहे एजेंसी संचालक

नियमानुसार सीधे गोदाम और ट्रक से सिलिंडर की आपूर्ति नहीं होनी चाहिए। एजेंसी संचालक मनमानी तरीके से गोदाम से ही सिलिंडर की आपूर्ति कर रहे हैं। यही नहीं प्लांट से आने के बाद सीधे ट्रक से ही पिकअप पर सिलिंडर की डिलीवरी कर दी जा रही है। एजेंसियों के स्टाक आदि की भी जांच नहीं हो रही है। आरोप है कि उपभोक्ताओं का सिलिंडर जमा कराने के पीछे स्टाक को ठीक दिखाकर एजेंसियों द्वारा कालाबाजारी की जा रही है।

यह भी पढ़ें- 1 अक्टूबर से बदल रहे LPG सिलिंडर बुकिंग के नियम, नए नंबर से सब्सिडी तक की पूरी जानकारी

यह भी पढ़ें- यूपी में ई-केवाईसी न कराने वाले रसोई गैस उपभोक्ताओं की बढ़ेगी टेंशन, अक्टूबर से महंगा मिलेगा सिलिंडर