चंदौली में भाजपा विधायक सुशील सिंह के काफिले की दो गाड़ियों को स्कॉर्पियो ने मारी टक्कर, एक पलटी
चंदौली में भाजपा विधायक सुशील सिंह के काफिले की दो फॉर्च्यूनर गाड़ियों को एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने टक्कर मार दी, जिससे एक गाड़ी पलट गई और कुछ लोग घायल हो गए। विधायक ने इसे सुनियोजित हमला बताया है, जबकि पुलिस घटना की जांच कर रही है।
-1795489715131_m.webp)
HighLights
तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने विधायक के काफिले को टक्कर मारी।
हादसे में दो फॉर्च्यूनर क्षतिग्रस्त, एक सड़क पर पलटी।
विधायक सुशील सिंह ने इसे सुनियोजित हमला बताया।
जागरण संवाददाता, चंदौली। जिला मुख्यालय के फुटिया और जगदीशसराय के पास सोमवार की देर रात तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने भाजपा विधायक सुशील सिंह के काफिले में शामिल दो फॉर्च्यूनर को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए।
काफिले में शामिल कुछ लोगों को मामूली चोटें आईं, जबकि स्कार्पियो सवार सैयदराजा क्षेत्र के मनराजपुर निवासी पंकज गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए बाबा कीनाराम स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय के अस्पताल में भर्ती कराया गया।
विधायक का काफिला जिला मुख्यालय की ओर जा रहा था। इसी दौरान फुटिया के पास तेज रफ्तार स्कार्पियो ने काफिले में चल रही एक फार्च्यूनर में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि फार्च्यूनर सड़क पर पलट गई।
इसके बाद स्कार्पियो चालक ने मौके से भागने की कोशिश की और आगे जगदीशसराय के पास काफिले की दूसरी फार्च्यूनर को भी टक्कर मार दी। इससे वह भी क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के समय विधायक सुशील सिंह भी काफिले में मौजूद थे। हालांकि, उनके वाहन को कोई नुकसान नहीं पहुंचा। दुर्घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
विधायक ने इस घटना को सुनियोजित हमला बताया है। उनका कहना है कि काफिले को निशाना बनाकर टक्कर मारी गई। उधर, कोतवाली पुलिस घटना की जांच में जुटी है। पुलिस दुर्घटना के कारणों और पूरे घटनाक्रम की पड़ताल कर रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।