विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

चंदौली में कागज में पूरा अपडेट, हकीकत में रैन बसेरा में लटक रहा ताला

By Mahendra Kumar Dubey Edited By: Abhishek sharma
Published: Mon, 23 Nov 2026 05:49 PM (IST)

चंदौली में चक्रवात के बाद ठंड बढ़ने से रैन बसेरों की जरूरत महसूस हो रही है, लेकिन सरकारी दावों के विपरीत ये अभी भी बंद पड़े हैं। बाहर से आने वाले यात्री और दिहाड़ी मजदूर खुले में रात बिताने को मजबूर हैं, जबकि प्रशासन शासनादेश का इंतजार कर रहा है।

पड़ने लगी है ठंड, निकायों और तहसीलों की उदासीनता से अभी तक नहीं हो सकी है तैयारी।

पड़ने लगी है ठंड, निकायों और तहसीलों की उदासीनता से अभी तक नहीं हो सकी है तैयारी।

HighLights

  1. चंदौली में ठंड बढ़ने के बावजूद रैन बसेरे अभी भी बंद।

  2. सरकारी दावों के विपरीत जमीनी हकीकत बिल्कुल अलग है।

  3. यात्री और दिहाड़ी मजदूर खुले आसमान के नीचे रात बिता रहे।

जागरण संवाददाता, चंदौली। चक्रवात से मौसम खराब होने के बाद जिले में ठंड ने दस्तक दे दी है। रात के समय तापमान में तेजी से गिरावट आ रही है और सर्द हवाओं ने लोगों की कंपकंपी बढ़ा दी है।

बेघर, मुसाफिरों और असहाय लोगों को ठंड से बचाने के लिए प्रशासन की ओर से रैन बसेरों को दुरुस्त करने के दावे किए जा रहे हैं। सरकारी फाइलों में रैन बसेरा अपडेट है लेकिन जमीनी हकीकत इसके ठीक विपरीत है। हालांकि अधिकारियों का कहना है कि निकायों में शासनादेश जारी होते ही रैन बसेरा को सक्रिय कर दिया जाएगा।

पीडीडीयू नगर, चंदौली, चकिया, सैयदराजा आदि नगरीय क्षेत्रों में प्रस्तावित रैन बसेरों के मुख्य द्वार पर अब भी ताला लटक रहा है। बाहर से देखने पर ही अंदाजा लगाया जा सकता है कि लंबे समय से इनकी साफ-सफाई तक नहीं हुई है। धूल से सने दरवाजे और बंद ताले प्रशासन की लापरवाही की कहानी खुद बयां कर रहे हैं।

रैन बसेरा बंद होने के कारण सबसे ज्यादा परेशानी बाहर से आने वाले यात्रियों, रिक्शा चालकों और दिहाड़ी मजदूरों को उठानी पड़ रही है। रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म, दुकानों के चबूतरे या खुले आसमान के नीचे ठिठुरते हुए रात गुजारने को विवश हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि हर साल सर्दी शुरू होते ही रैन बसेरे चालू कर दिए जाते हैं, लेकिन इस बार अभी तक रैन बसेरा शुरू नहीं हो सके हैं। अधिशासी अधिकारी चंदौली दिनेश कुमार का कहना है कि शासन से निर्देश आते ही रैन बसेरा को सक्रिय कर दिया जाएगा।

सर्दी में नहीं ठिठुरेंगे गरीब, कंबल व अलाव को मिला 28 लाख
सर्दी में इस साल गरीब नहीं ठिठुरेंगे। उन्हें ठंड से बचाने के लिए सरकार ने कवायद शुरू कर दी है। गरीबों में बांटने को कंबल खरीदने के लिए 23 लाख का बजट जारी किया है। अलाव के लिए अलग से प्रत्येक तहसील को एक-एक लाख रुपये दिए गए हैं। शासन ने सार्वजनिक स्थानों पर अलाव जलाने के निर्देश दिए हैं ताकि लोगों को राहत मिल सके। कंबल की खरीद करने के लिए निविदा की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।