मेगा ट्रक के आगे आई दलदली जमीन तो थम गए 308 पहिए, टस से मस नहीं हो सका ट्रेलर, देखने वालों का उमड़ा हुजूम
बेल्जियम से लखीमपुर खीरी जा रही 200 टन वजनी बॉयलर मशीन चंदौली के रेवसा गांव के पास दलदली जमीन में फंस गई है।
-1790519933246_m.webp)
चंदौली में रेवसा के पास खड़ा 308 पहियों वाला मल्टी-एक्सल ट्रेलर ट्रक। जागरण
HighLights
200 टन वजनी बॉयलर मशीन दलदली जमीन में फंसी।
बेल्जियम से लखीमपुर खीरी जा रही थी यह मशीन।
रास्ते की मरम्मत जारी, पुलिस भीड़ नियंत्रित कर रही।
जागरण संवाददाता, ताराजीवनपुर (चंदौली)। बेल्जियम से समुद्र के रास्ते ओडिशा पहुंची करीब 200 टन वजनी ओवर डायमेंशन कार्गो बॉयलर मशीन की ढुलाई में रेवसा गांव के समीप दलदली जमीन बाधा बन गई है। इसके चलते रविवार को पूरे दिन बॉयलर मशीन से लदा ट्रेलर रिंग रोड की सर्विस लेन पर ही खड़ा रहा।
रास्ते की मरम्मत के लिए टीम पूरे दिन मशक्कत करती रही। वहीं, विशालकाय मशीन को देखने के लिए जुट रही भीड़ को नियंत्रित करने के लिए अलीनगर थाने के अपराध निरीक्षक रमेश कुमार यादव पुलिस टीम के साथ मौके पर मौजूद रहे।
दलदली जमीन के कारण रोकना पड़ा ट्रेलर
करीब 200 टन वजनी इस मशीन को 308 पहियों वाले महा ट्रक पर लादकर ओडिशा से सड़क मार्ग के जरिए लाया जा रहा है। इसे उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले के निर्माणाधीन प्लांट में स्थापित किया जाना है।
शुक्रवार को नौबतपुर बॉर्डर से रवाना हुआ ट्रेलर शाम होने के कारण कटसिला के पास हाईवे पर रोक दिया गया था। शनिवार को पचफेड़वा के पास हाईवे पर रिंग रोड का पुल होने के कारण ट्रेलर को वैकल्पिक मार्ग से निकालने की योजना बनाई गई थी।
इसके तहत पहले मशीन को रिंग रोड पर ले जाना था, लेकिन ऐसा नहीं हो सका। रविवार को मशीन रेवसा के पास रिंग रोड की सर्विस लेन पर पहुंची, जहां आगे दलदली जमीन होने के कारण ट्रेलर को रोकना पड़ा। इसके बाद मशीन को फिर से एनएच-19 पर लाया जाना है।
लोगों को लगी भीड़, पुलिस टीम तैनात
मशीन को सुरक्षित आगे बढ़ाने के लिए रास्ते की मरम्मत का कार्य किया जा रहा है। वहीं, करीब आठ मीटर ऊंची और सात मीटर चौड़ी मशीन को रास्ता देने के लिए एनएचएआई की ओर से हाईवे पर कटरियां तक लगे साइनेज और बोर्ड हटाए जा रहे हैं।
विशालकाय बॉयलर मशीन को देखने के लिए लोगों की भीड़ जुट रही है। इसे देखते हुए पुलिस टीम मौके पर तैनात रही। हालांकि, सोमवार को मशीन के आगे बढ़ने की उम्मीद जताई जा रही है।
यह भी पढ़ें- कौन हैं भारत की दूसरी सबसे बड़ी चीनी कंपनी के मालिक? जहां जा रहा 308 पहिये के ट्रक पर लदकर विशालकाय बायलर
यह भी पढ़ें- एशिया के पहले बायो प्लास्टिक प्लांट के लिए वेसल ला रहा 308 पहियों वाला महाट्रक, बेल्जियम से पहुंचेगा कुंभी चीनी मिल
