एशिया के पहले बायो प्लास्टिक प्लांट के लिए वेसल ला रहा 308 पहियों वाला महाट्रक, बेल्जियम से पहुंचेगा कुंभी चीनी मिल
एक 308 पहियों वाला हाइड्रोलिक ट्रक बेल्जियम से आए 200 टन वजनी औद्योगिक वेसल को कुंभी चीनी मिल के बायो प्लास्टिक प्लांट तक पहुंचा रहा है।

एशिया के पहले बायो प्लास्टिक प्लांट के लिए वेसल लेकर आ रहा 308 पहियों वाला महाट्रक।
HighLights
308 पहियों वाला ट्रक 200 टन वेसल ले जा रहा।
कुंभी चीनी मिल में एशिया का पहला बायो प्लास्टिक प्लांट।
बेल्जियम से आया वेसल, सड़क मार्ग से हो रहा परिवहन।
संवाद सूत्र, अमीरनगर (लखीमपुर)। सड़क पर चलता यह ट्रक किसी अजूबे से कम नहीं है। 308 पहियों के सहारे हाइड्रोलिक ट्रक पर करीब 200 टन वजनी औद्योगिक वेसल लादकर कुंभी चीनी मिल के बायो प्लास्टिक प्लांट तक पहुंचाया जा रहा है।
भारी-भरकम वाहन जिस सड़क से गुजर रहा है, वहां लोगों की भीड़ इसे देखने के लिए उमड़ पड़ रही है। इसकी रफ्तार भी सामान्य वाहनों जैसी नहीं है। कई जगह एक घंटे में महज छह-सात किलोमीटर की दूरी ही तय हो पा रही है।
कुंभी चीनी मिल में एशिया का पहला बायो प्लास्टिक प्लांट स्थापित किया जा रहा है। करीब तीन हजार करोड़ रुपये की लागत वाली इस परियोजना के लिए बेल्जियम से वेसल समुद्री मार्ग से ओडिशा के पारादीप बंदरगाह पहुंचा। इसके बाद इसे विशेष हाइड्रोलिक ट्रक के जरिये सड़क मार्ग से कुंभी लाया जा रहा है।
वेसल को सुरक्षित पहुंचाना प्रशासन और संबंधित विभागों के लिए भी बड़ी चुनौती बना हुआ है। वाहन के किसी जिले में प्रवेश से पहले वहां के प्रशासन को सूचना दी जा रही है। मार्ग में सुरक्षा व्यवस्था के साथ यातायात प्रबंधन और भीड़ को नियंत्रित करने के इंतजाम किए जा रहे हैं।
जगह-जगह लोग मोबाइल से इसकी तस्वीरें और वीडियो बनाते नजर आ रहे हैं। कुंभी चीनी मिल के मुख्य महाप्रबंधक सुनील कुमार यादव ने बताया कि भारी वेसल को विशेष हाइड्रोलिक ट्रक से सुरक्षा व्यवस्था के बीच प्लांट तक पहुंचाया जा रहा है।
