अब बच्चों के एक्स अकाउंट पर माता-पिता भी रख सकेंगे नजर, नया पैरेंटल कंट्रोल फीचर लॉन्च
एक्स प्लेटफॉर्म ने बच्चों के अकाउंट के लिए नया पैरेंटल कंट्रोल फीचर लॉन्च किया है, जिससे माता-पिता उनकी ऑनलाइन गतिविधियों पर नजर रख सकेंगे।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल गूगल जेमिनी की मदद से बनाया गया है।
HighLights
एक्स ने बच्चों के लिए नया पैरेंटल कंट्रोल फीचर शुरू किया।
माता-पिता बच्चों की ऑनलाइन गतिविधियों और सामग्री पर नजर रखेंगे।
यह फीचर साइबर फिशिंग और बुलिंग से बच्चों को बचाएगा।
जागरण संवाददाता, बुलंदशहर। अब बच्चों के एक्स अकाउंट पर उनके माता-पिता नजर रख सकेंगे। इंटरनेट मीडिया एक्स प्लेटफार्म ने नए पैरेंटल कंट्रोल फीचर की शुरुआत की है। नाबालिग जिस तरह से साइबर फिशिंग और बुलिंग के शिकार हो रहे हैं, उस पर इस नए फीचर से जरूर अंकुश लगेगा।
पिछले कुछ समय में ऐसे कई मामले सामने आए हैं, जिनमें बच्चे फिशिंग और ब्लैकमेलिंग के शिकार होकर खतरनाक कदम उठाने तक की स्थिति में पहुंच गए। ऐसे में एक्स के नए फीचर को अभिभावकों के लिए राहत माना जा रहा है।
इस फीचर से माता-पिता यह देख सकेंगे कि बच्चा किससे बात कर रहा है, कितनी देर एप चला रहा है और किस तरह की सामग्री देख रहा है। सवाल यह है कि क्या केवल एक्स पर नए फीचर जोड़ना पर्याप्त है या फिर इंस्टाग्राम और अन्य इंटरनेट मीडिया पर भी इस तरह के फीचर जोड़े जाने चाहिए।
अभिभावकों का कहना है कि बच्चे सबसे ज्यादा इंस्टाग्राम, फेसबुक, यूट्यूब और व्हाट्सएप का इस्तेमाल करते हैं। इसलिए सभी प्लेटफार्म पर ऐसा नियंत्रण होना चाहिए, तभी बच्चों को पूरी तरह सुरक्षित रखा जा सकेगा।
प्रधानाचार्य मोहम्मद खालिद ने बताया कि स्कूल में पीटीएम और जागरूकता कार्यशाला के माध्यम से अभिभावकों को पैरेंटल कंट्रोल के उपयोग के बारे में बताया जाएगा। उन्होंने कहा कि तकनीक का सही उपयोग ही बच्चों को सुरक्षित रख सकता है। केवल रोक लगाने से नहीं, बल्कि संवाद से बच्चों को समझाना होगा।
पुलिस अधीक्षक अपराध नरेश कुमार ने बताया कि बच्चे किस तरह फिशिंग के शिकार बनते हैं, इसके बारे में बच्चों के साथ अभिभावकों को जागरूक किया जाएगा। ठग फर्जी लिंक, गिफ्ट, गेमिंग रिवार्ड और दोस्ती का झांसा देकर बच्चों से निजी फोटो, ओटीपी और जानकारी हासिल कर लेते हैं। इसके बाद ब्लैकमेलिंग शुरू हो जाती है।
उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि बच्चे को अंजान लिंक पर क्लिक न करने और किसी से निजी जानकारी साझा न करने के लिए समझाएं। संदिग्ध मैसेज मिलने पर तुरंत 1930 पर शिकायत करें।
चिकित्सक रमित सिंह हेल्थ एक्सपर्ट ने बताया कि स्क्रीन टाइम सीमित होने से बच्चों की नींद, पढ़ाई और मानसिक स्वास्थ्य पर सकारात्मक असर पड़ेगा। ज्यादा स्क्रीन टाइम से चिड़चिड़ापन, आंखों की समस्या और एकाग्रता में कमी आती है।
अभिभावक अजय शर्मा का कहना कि यह फीचर बहुत अच्छा है, इससे बच्चों पर नजर रखना आसान होगा। सरकार को सभी इंटरनेट मीडिया एप पर ऐसा फीचर अनिवार्य करना चाहिए।
यह भी पढ़ें- घर के बाहर खड़ी SUV के चारों पहिये उड़ाए, स्कॉर्पियो-N को ईंटों पर छोड़ भागे बदमाश; ग्रेटर नोएडा की वारदात CCTV कैद
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।