मां की याद में शिक्षक ने बदल दी सरकारी विद्यालय की तस्वीर, बनाया उत्तर प्रदेश का पहला फुली AC परिषदीय स्कूल
शिक्षक पुष्पेंद्र कुमार ने अपनी माता की याद में बुलंदशहर के परिषदीय विद्यालय नंबर-दो केशोपुर सठला को वातानुकूलित बनाया है।

प्राथमिक विद्यालय केशोपुर सठला के वातानुकूलित कक्ष में पढ़ाई करते बच्चे साथ बीईओ आयशा बी और विद्यालय स्टाफ
HighLights
शिक्षक पुष्पेंद्र कुमार ने अपनी माता की याद में स्कूल को AC बनाया।
बुलंदशहर का यह स्कूल यूपी का पहला AC परिषदीय विद्यालय बन गया है।
बच्चों को अब गर्मी में भी आरामदायक वातानुकूलित कक्षा में पढ़ाई का माहौल।
अमर सिंह राघव, बुलंदशहर। परिषदीय स्कूलों की सुविधा को लेकर अक्सर अगुंलिया उठती रहीं है लेकिन अब प्रदेश में परिषदीय स्कूलों की तस्वीर बदल रही है। प्राथमिक विद्यालय नंबर-दो केशोपुर सठला ने आधुनिक सुविधाओं में निजी स्कूलों को भी पछाड़ दिया है। शिक्षक के समर्पण भरे प्रयास से विद्यालय वातानुकूलित हो गया है। प्रदेश का पहला वातानुकूलित विद्यालय बन गया है।
जिले के बीबीनगर विकास क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय नंबर-दो केशोपुर सठला में मूलरूप से मेरठ जनपद के रहने वाले शिक्षक पुष्पेंद्र कुमार साल 2019 में तबादला होकर आए थे। विद्यालय में प्रधानाध्यापक समेत चार शिक्षक तैनात है। 102 बच्चे पंजीकृत हैं।
सहायक अध्यापक पुष्पेंद्र कुमार ने विद्यालय की सूरत बदलने का बीड़ा उठाया है। बच्चों स्वेटर और जूते भी वितरित करते चले आ रहे हैं। पुष्पेंद्र कुमार ने दो कक्षीय वाले प्राथमिक विद्यालय के दो कक्षों को वातानुकूलित बनाने की योजना बनाई थी। पुष्पेंद्र कुमार ने अपनी माता जी की पुण्य तिथि पर जुलाई 2026 में अपने पास से धनराशि खर्च कर विद्यालय के दोनों कक्षों में विंडो एयर कंडीशनर लगवाए थे।
बच्चों की पढ़ाई में गर्मी अब नहीं बनेगी बाधा
विद्यालय में दो कक्ष और एक बरामदा व ऑफिस है। जगह का अभाव होने के कारण दो कक्ष और बरामदे में ही बच्चों को बैठकर शिक्षा ग्रहण करनी पड़ रही है।
यह भी पढ़ें- यूपी के परिषदीय स्कूलों में 45 लाख बच्चों को नहीं मिल पा रहे डेस्क-बेंच, बजट के बावजूद खरीद प्रक्रिया धीमी
गर्मी में कक्षा में बच्चों की संख्या अधिक होने के कारण उमस बन जाती थी। अब बच्चों को वातानुकूलित कक्षा-कक्ष में पढ़ाई करने का अवसर मिला है। शिक्षक के समर्पण से विद्यालय जनपद ही नहीं बल्कि प्रदेश में परिषद का पहला वातानुकूलित विद्यालय बन गया है।
विद्यालय के सहायक अध्यापक पुष्पेंद्र कुमार ने जुलाई में दो एयर कंडीशनर विद्यालय को भेंट किए हैं। बच्चे वातानुकूलित कक्षों में आराम से पढ़ाई कर रहे हैं। - रतन लाल, अध्यक्ष विद्यालय प्रबंध समिति
बीआरसी पर प्रशिक्षण के दौरान शिक्षकों के भी विद्यालय में योगदान देने की जानकारी दी गई थी। मैंने अपनी माता जी की पुण्यतिथि पर विद्यालय के लिए दो एयर कंडीशनर भेंट किए हैं। स्कूल के बच्चों को स्वेटर और जूते का वितरण भी पिछले साल किया था।- पुष्पेंद्र कुमार, सहायक अध्यापक प्राथमिक विद्यालय केशोपुर सठला
प्राथमिक विद्यालय नंबर दो केशोपुर सठला के सहायक अध्यापक द्वारा विद्यालय को दो एयर कंडीशनर भेंट किए गए हैं। शिक्षक की पहल सराहनीय है। अन्य शिक्षकों को भी इनसे प्रेरणा लेनी चाहिए।- वीरेंद्र कुमार सिंह, बीएसए
