खुर्जा शहर के एक लाख लोग परेशान, तकनीकी खराबी से बिजली ठप, 12 घंटे से 100 गांव और आधे शहर की लाइट गुल
Bulandshahr News तकनीकी खराबी से बिजली ठप होने के कारण रात में लोगों के घरों के इंवर्टर जवाब दे गए। 12 घंटे से 100 गांव और आधे खुर्जा शहर के एक लाख लोग परेशान हुए। सुबह पानी के लिए भी परेशान दिखे शहरवासी।
बुलंदशहर, जागरण टीम। खुर्जा के धरपा विद्युत उपकेंद्र पर तकनीकी खराबी के चलते आधे से अधिक शहर और देहात क्षेत्र 100 गांव की विद्युत आपूर्ति रातभर प्रभावित रही। 12 घंटे से बिजली ठप होने के चलते एक लाख लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। उधर खराबी को ठीक करके विद्युत आपूर्ति को सुचारू करने का प्रयास किया जा रहा है।
देर शाम आयी तकनीकी खराबी
सोमवार देर शाम अचानक 220 केवी उपकेंद्र धरपा पर तकनीकी खराबी आ गई। जिसके चलते नगर के कालिंदी कुंज, पॉटरी सेंटर एरिया, तेलिया घाट विद्युत फीडर व देहात के हजरतपुर, झमका बाईपास व मामन विद्युत उपकेंद्र से जुड़ी कॉलोनियों और 100 गांव की विद्युत आपूर्ति अचानक ठप हो गई। कुछ समय तो लोगों ने विद्युत आपूर्ति सुचारू होने का इंतजार किया, लेकिन आपूर्ति सुचारू नहीं हो सकी। जिस पर उन्होंने विद्युत विभाग के अधिकारियों को फोन लगाने शुरू कर दिए और जानकारी जुटाई।
रात भर परेशान रहे लोग, सुबह पानी के लिए तरसे
बिजली नहीं आने के चलते घरों में लगे बैटरी इनवर्टर भी जवाब दे गए। जिस कारण लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा और रात भर उन्होंने इधर-उधर घूमते हुए गुजरी। इतना ही नहीं घरों में पीने के पानी के लिए भी लोग तरस गए। मंगलवार सुबह तक भी आपूर्ति सुचारू नहीं हो सकी है।
खुर्जा विद्युत विभाग के एक्सईएन आशीष कुमार लाल ने बताया कि 220 धरपा विद्युत उपकेंद्र पर सीटी फटने के चलते विद्युत आपूर्ति प्रभावित हुई है। जिस से खुर्जा और देहात क्षेत्र के विद्युत फीडर से जुड़े गांव प्रभावित हैं। विद्युत आपूर्ति को जल्द बहाल किए जाने का प्रयास किया जा रहा है।