विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यूपी में मां को कागजों में मृत दिखाकर बेटे ने हड़प ली 8 बीघा जमीन, न्याय के लिए दर-दर भटक रही 70 साल की बुजुर्ग

Published: Sun, 04 Oct 2026 11:23 AM (IST)

बुलंदशहर में एक कलयुगी बेटे ने अपनी 70 वर्षीय विधवा मां को कागजों में मृत दिखाकर उसकी आठ बीघा जमीन हड़प ली।

पीड़ित महिला कलावती

पीड़ित महिला कलावती

HighLights

  1. बेटे ने मां को मृत दिखाकर 8 बीघा जमीन हड़पी।

  2. 70 वर्षीय विधवा मां को घर से बेदखल किया।

  3. पुलिस अधीक्षक ने मामले की निष्पक्ष जांच के निर्देश दिए।

जागरण संवाददाता, बुलंदशहर। इकलौते कलयुगी बेटे ने बुजुर्ग विधवा मां को जिंदा रहते हुए कागजों में मृत दिखाकर आठ बीघा जमीन अपने नाम करा ली। इसके बाद बुजुर्ग मां को मारपीट कर घर से बाहर निकाल दिया।

तीन माह से गांव में ही भूखी-प्यासी इधर-उधर भटक रही है और रहने के लिए उसके पास छत तक नहीं है। पीड़िता विधवा ने पुलिस अधीक्षक अपराध से आरोपित बेटे के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

कोतवाली देहात क्षेत्र के गांव अडौली निवासी 70 वर्षीय कलावती पत्नी स्वर्गीय वैधराम शनिवार की दोपहर पुलिस दफ्तर पहुंची और वहां पर मौजूद पुलिस अधीक्षक अपराध नरेश कुमार को शिकायती पत्र देते हुए बताया कि उसके पति की मृत्यु लगभग 30 वर्ष पहले हो चुकी है।

जान से मारने की भी दी धमकी

पति के नाम गांव में आठ बीघा कृषि भूमि थी। उसका एक ही पुत्र है। आरोप है कि पुत्र ने धोखाधड़ी कर उसको मृत दर्शाते हुए पूरी जमीन अपने नाम करा ली है। महिला का कहना है कि उसे नहीं पता की उसके पुत्र ने किस तरह जमीन अपने नाम करा ली, उसका पुत्र उसे ना तो कभी कहीं लेकर गया और ना ही कभी किसी कागज पर अंगूठा लगवाया है।

आरोप है कि जमीन हड़पने के बाद बेटे ने मारपीट कर उसे घर से बाहर निकाल दिया। अब वह गांव में ही दूसरों के सहारे जीवन यापन कर रही है। लगभग तीन माह पहले उसके पुत्र ने अपनी पत्नी, सास, ससुर और साले के साथ मिलकर उसके साथ मारपीट की और कहा कि यदि वह दोबारा घर या खेत पर आई तो उसे जिंदा जलाकर मार देंगे।

तब से वह अपने ही घर और खेत पर जाने से कतरा रही है। आरोप है कि थाने में कई बार शिकायत दिए जाने के बाद भी पुलिस द्वारा आरोपितों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। पुलिस अधीक्षक अपराध नरेश कुमार ने थाना पुलिस को मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

यह भी पढ़ें- बुलंदशहर पुलिस में फेरबदल: SSP ने 9 चौकी प्रभारियों सहित 16 दारोगाओं के कार्यक्षेत्र बदले