बुलंदशहर में आसमान से गिरा रहस्यमयी 50 किलो का बर्फ का टुकड़ा, अजीबोगरीब घटना से गांव में हड़कंप
बुलंदशहर के रोसला गांव में मंगलवार को आकाश से अचानक 50 किलो का एक विशाल बर्फ का टुकड़ा गिरा, जिससे ग्रामीणों में हड़कंप मच गया।

रोसला में आसमान से गिरी बर्फ के बिखरे हुए टुकड़े
HighLights
बुलंदशहर के रोसला गांव में 50 किलो बर्फ का टुकड़ा गिरा।
आकाश से अचानक बर्फ गिरने से ग्रामीणों में दहशत फैल गई।
कृषि विज्ञान केंद्र ने घटना को संदिग्ध बताया, जांच जारी।
संवाद सूत्र, बुलंदशहर। ऊंचागांव क्षेत्र के गांव रोसला में मंगलवार की सुबह एक अजीबोगरीब घटना से ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। पशुओं के बीच में अचानक आकाश से लगभग 50 किलो की बर्फ का टुकड़ा आकर गिरा। हालांकि कृषि विज्ञान केंद्र की प्रभारी ने ऐसी घटना होने को संदिग्ध करार दिया है।
अमरगढ़ चौकी क्षेत्र के गांव रोसला में मंगलवार की दोपहर 11.45 बजे रामसिंह पुत्र हरिया के घेर में बंधे पशुओं के बीच बनी खोर में अचानक आकाश से लगभग 50 किलो वजन की बर्फ का टुकड़ा आकर गिरा। टुकड़ा गिरने की तेज आवाज इतनी भयानक थी कि आसपास के लोग दहशत में अपने घरों से बाहर निकल आए।
आवाज सुनकर ग्रामीण घबराकर घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। वहां पहुंचकर देखा तो खोर में बर्फ के बड़े-बड़े टुकड़े बिखरे पड़े थे। लोगों की भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों ने बताया है कि आसमान बिल्कुल साफ था। न बरसात हो रही थी और न ही ओले पड़ रहे थे।
ऐसे में अचानक इतनी बड़ी बर्फ का टुकड़ा गिरना सभी के लिए हैरानी का विषय बना हुआ है। लोग इसे किसी हवाई जहाज से गिरा बर्फ का टुकड़ा बता रहे हैं, तो कोई इसे प्राकृतिक घटना मान रहे है।
कृषि विज्ञान केंद्र की प्रभारी डॉ. रीशु सिंह ने बताया कि इस समय मौसम ऐसा नहीं है। आसमान साफ है। नमी भी नहीं है। बर्फ का टुकड़ा गिरने की घटना होना संदिग्ध लग रहा है। किसी असामाजिक तत्व की शरारत भी हो सकती है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।