बुलंदशहर में दो मंजिला इमारत में लगी आग, दूसरी मंजिल पर मौजूद जिम से कूदकर 11 युवकों ने बचाई जान
बुलंदशहर के नाजिमपुरा में एक दो मंजिला इमारत में भीषण आग लग गई। दूसरी मंजिल पर स्थित जिम से 11 युवकों ने कूदकर अपनी जान बचाई।

बुलंदशहर भूड़ में मकान में लगी आग पर काबू पाते मुहल्ले के लोग और मौजूद भीड़
HighLights
बुलंदशहर की इमारत में लगी भीषण आग, जिम से कूदे युवक।
आग से बचने के लिए 11 युवकों ने लगाई छलांग, तीन घायल।
शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका, जिम संचालक पर कार्रवाई।
जागरण संवाददाता, बुलंदशहर। स्थानीय नाजिमपुरा मुहल्ला में स्थित भवन में मंगलवार की शाम आग लग गई। भवन की दूसरी मंजिल पर संचालित जिम में मौजूद लगभग 11 युवकों ने कूदकर अपनी जान बचाई। इनमें तीन युवक घायल हो गए, जिन्हें उपचार को आरिफ कमाल अस्पताल में भर्ती कराया गया। दमकल कर्मियों ने दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली।
शहर के नाजिमपुरा भूड़ शिव मंदिर एवं आरिफ कमाल अस्पताल के पास आदित्य कुमार का दो मंजिला भवन है। भवन के ग्राउंड फ्लोर पर डिस्पोजल दोना एवं पत्तल का गोदाम और ब्यूटी पार्लर की दुकान है। प्रथम तल पर उनका आवास है और दूसरे तल पर अमेरिकन नाम से जिम का संचालन करते हैं।

मंगलवार की शाम साढ़े सात बजे भवन के ग्राउंड फ्लोर स्थित गोदाम में अचानक आग लग गई, देखते ही देखते आग ने विकराल रूप घारण कर लिया। इसके बाद भवन में भगदड़ मच गई। प्रथम तल पर आदित्य के दो भाई, मां व अन्य स्वजन ने भागकर जान बचाई। वहीं दूसरे तल पर स्थित जिम में एक्सरसाइज कर रहे 20 युवकों में से 11 युवक ऊपर से ही कूद गए।
वहीं बाकी नौ युवक पड़ोस में स्थित भवन के छत के रास्ते से नीचे आए। कूदने से बीसा कालोनी निवासी दो भाई प्रशांत, अभय तथा हैदर घायल हो गए, जिन्हें सामने स्थित आरिफ कमाल के अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं बाकी युवक मामूली रूप से चोटिल हो गए। सूचना पर पहुंची दमकल की दो गाड़ियों ने लगभग दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

आग से ग्राउंड फ्लोर पर रखा लगभग दो लाख रुपये कीमत का सामान के साथ ही हुंडई ओरा कार जल गई। इसके अलावा आवास में रखे कपड़ा आदि सामान भी जल गया। प्रारंभिक जांच में शार्ट सर्किट को आग का कारण माना जा रहा है। पुलिस और दमकल विभाग मामले की जांच कर रहा है। गनीमत रही कि समय रहते सभी युवक बाहर निकल गए, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।
आसपास के खाली कराए मकान
आग की सूचना पर पहुंचे एसपी देहात अंतरिक्ष जैन और सीओ सिटी प्रखर पांडेय ने आग लगने वाले भवन के आसपास स्थित इस्लाम खान, सुरेंद्र पाल सिंह, नीरज कुमार, धर्मवीर सिंह आदि के मकान खाली कराए। उक्त मकानों में रहने वाले सभी लोग आग बुझने तक सड़क पर खड़े रहे।
पुलिस अधीक्षक देहात ने बताया कि प्रारंभिक जांच से आग शार्ट सर्किट के कारण लगना सामने आया है। आग को दो घंटे में बुझा दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। सीएफओ प्रमोद शर्मा ने बताया कि जिम संचालक के पास एनओसी नहीं है। जिम संचालक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।