बुलंदशहर में गंगा तट पर बसी तंबुओं की नगरी, कार्तिक मेले में उमड़ा आस्था का सैलाब
अनूपशहर में कार्तिक मेले के लिए गंगा तट पर हजारों श्रद्धालुओं ने तंबुओं की नगरी बसाई है, जिससे मनमोहक नजारा दिख रहा है।

गंगा तट पर बसी तंबू की नगरी
HighLights
गंगा तट पर हजारों श्रद्धालुओं ने बसाई तंबुओं की नगरी।
प्रशासन ने सुरक्षा और सभी व्यवस्थाएं की हैं पूरी।
श्रद्धालु स्नान, पूजा और विभिन्न गतिविधियों का ले रहे आनंद।
संवाद सूत्र, अनूपशहर। कार्तिक मेला में हजारों श्रद्धालुओं ने तंबू की नगरी बसाकर डेरा डाल दिया है। जिससे दूर से देखने पर अत्यंत मनमोहक नजारा दिख रहा है। प्रशासन के स्तर पर सभी व्यवस्थाएं पूर्ण कर ली गई हैं।
रविवार को गंगा पुल के नीचे प्रशासन द्वारा बनाए गए कार्तिक मेला की समस्त व्यवस्था पूर्ण हो चुकी है। हजारों श्रद्धालुओं द्वारा अपने साधन से पहुंचकर तंबू की बस्ती बसा ली गई है, जिससे दूर से देखने पर बहुत अच्छा नजारा लग रहा है। युवा तथा बच्चे विशाल रेत के मैदान में मौज मस्ती कर रहे हैं। गंगा में स्नान के दौरान अठखेलिया कर रहे हैं।
महिलाओं द्वारा भोजन बनाया जा रहा है। अनेक स्थानों पर समय व्यतीत करने के लिए ताश खेलने, हुक्का गुड़गुड़ाने जैसे कार्य हो रहे हैं। मेला में विभिन्न प्रकार का सामान बेचने की दुकान लग चुकी हैं। युवतियां सामूहिक रूप से लोकगीत गा रही है, ढोलक तथा मंजीरा की आवाज अपनी और आकर्षित कर रही है।
अनेक बच्चे अपने शरीर को बालू से ढक कर सूर्य की गुनगुनी धूप का आनंद ले रहे हैं। चारों तरफ आस्था की नगरी में विभिन्न प्रकार की गतिविधियां चल रही हैं। बहुत से श्रद्धालु अपने साथ लाए गए भैंसा को नहलाने का कार्य करते दिखे। पुलिस प्रशासन द्वारा सख्ती के कारण ट्रैक्टर से कलाबाजी नहीं की जा सकी है।
प्रशासन द्वारा मेला क्षेत्र के चारों ओर गहरी खाई खोदकर आवागमन रोक दिया गया है। जिससे बैल, भैंसा बुग्गी, ट्रैक्टर आदि को दौड़ा न सके। गहरे जल में बल्लियां की बेरीकेटिंग लगाई गई है। जिससे श्रद्धालुओं को गंगा जी के अंदर सुरक्षा प्रदान की जा सके। चिकित्सा, पशु चिकित्सा, खोया पाया कैंप, पुलिस व्यवस्था पूरी तरह से सुचारू कर दी गई है।
मेला क्षेत्र में सीसीटीवी से निगरानी की जा रही है। लाउडस्पीकर के माध्यम से चेतावनी दी जा रही है। अनेक श्रद्धालुओं द्वारा गंगा तट पर बैठकर अनुष्ठान व पूजा अर्चना की जा रही है।
प्रशासन द्वारा स्नान वाले क्षेत्र में जाने के लिए वेरीकेटिंग लगा दी गई है, जिससे बाइक सवार बाइक को अनावश्यक ना दौड़ा सके। व्यवस्थाओं को चाक चौबंद किए जाने से मेला क्षेत्र में आने वाले श्रद्धालु प्रशंसा कर रहे हैं। मस्तराम घाट पर गहरे जल वाले स्थान को तीन सीट लगाकर पूरी तरह बंद कर दिया गया है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।