विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बुलंदशहर में खुले मैदान में सो रहे मजदूरों पर रोड़ी लदा डंपर पलटा, दो की मौत

By Anuj Solnki Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Wed, 18 Mar 2026 05:12 PM (IST)

Bulandshahr News : बुलंदशहर के खुर्जा में मुबारकपुर गांव के पास सड़क निर्माण के लिए रोड़ी लेकर आया एक डंपर ...और पढ़ें

हादसे के बाद मौके पर पहुंचे लोग।

हादसे के बाद मौके पर पहुंचे लोग।

HighLights

  1. पुलिस ने जेसीबी की मदद से दबे मजदूरों को बाहर निकाला।

  2. पुलिस शव पोस्टमार्टम के लिए भेजते के बाद जांच में जुटी।

संवाद सहयोगी, खुर्जा (बुलंदशहर)। खबरा मार्ग पर मुबारिकपुर गांव के निकट स्थित खुले मैदान में सो रहे मजदूरों के ऊपर सड़क निर्माण के लिए आईं रोड़ी लदा हुआ डंपर पलट गया। जिसमें दो मजदूरों की डंपर की बाडी व रोड़ी में दबने से मौत हो गई, जबकि रोड़ी में दबे दो मजदूरों को बाहर निकालते हुए अस्पताल पहुंचाया गया। जहां उनकी हालत ठीक है। मामले में अभी पुलिस को तहरीर नहीं मिली है।

क्षेत्र के मुबारिकपुर गांव में दो सड़कों का निर्माण कार्य होना है। जिसके चलते खबरा मार्ग पर गांव मुबारिकपुर के निकट स्थित खुले मैदान में सड़क निर्माण के लिए रा-मैटेरियल एकत्र किया जा रहा था। मैदान में ही मंगलवार रात को मजदूर तंबू बनाकर सो रहे थे। बुधवार सुबह करीब 5:30 बजे रोड़ी लदा हुआ डंपर मैदान में आया। जहां चालक द्वारा डंपर को मैदान में आगे की तरफ रोड़ी खलाने के लिए ले जाया जाने लगा।

इसी दौरान अचानक डंपर के एक तरफ के पिछले पहिए मिट्टी में बैठ गए और रोड़ी लदा ऊपर का हिस्सा मैदान में सो रहे मजदूरों के ऊपर पलट गया। जिससे चार मजदूर दब गए। अन्य मजदूरों ने शोर मचाते हुए दबे मजदूरों को निकालने के लिए दौड़ पड़े। उनके द्वारा दबे विजय और राकेश पुत्र योगेंद्र निवासी रहीमकोट डिबाई को रोड़ी हटाते हुए निकाल लिया गया। वहीं डंपर की बाडी और रोड़ी में दबे दो मजदूरों को नहीं निकाल पाए। हादसे की सूचना पर सीओ शोभित कुमार, थाना खुर्जा देहात प्रभारी मनोज कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंच गए।

उनके द्वारा जेसीबी व क्रेन बुलाई गई। जिसकी मदद से दबे बुलंदशहर के डिबाई क्षेत्र के गांव रहीमकोट निवासी 30 वर्षीय राकेश पुत्र राजेंद्र और 35 पवन पुत्र बनवारी को बाहर निकाला गया। जिसके बाद एंबुलेंस के जरिए उन्हें जटिया सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया। जहां चिकित्सकों ने राकेश पुत्र राजेंद्र व पवन को मृत घोषित कर दिया, जबकि अन्य दोनों मजदूरों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गईं। साथ ही दोनों शव का पोस्टमार्टम कराते हुए स्वजन के सुपुर्द कर दिया गया। हालांकि पुलिस को मामले में कोई शिकायत नहीं मिली है।

यह भी पढ़ें- महिला थाना प्रभारी से मां-बेटी ने की हाथापाई, UP पुलिस ने की दोनों के खिलाफ कार्रवाई

दस में से उठकर चले गए थे छह मजदूर

गांव मुबारिकपुर मैदान में दस मजदूर सो रहे थे। जब रोड़ी लदा हुआ डंपर वहां आया, तो छह मजदूर तारकोल के ड्रम उठाने के लिए वहां से उठ कर चले गए थे, जबकि चार मजदूर जमीन पर सोते रहे थे। इसी दौरान हादसा हो गया। गनीमत रही कि छह मजदूर पहले ही चले गए थे। अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।

इन्होंने कहा

शव पोस्टमार्टम कराते हुए स्वजन के सुपुर्द कर दिए गए। स्वजन से संपर्क किया गया है। मामले में अभी कोई शिकायत नहीं मिली है। शिकायत मिलने पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।

-शोभित कुमार, सीओ खुर्जा।