विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

महिला थाना प्रभारी से मां-बेटी ने की हाथापाई, UP पुलिस ने की दोनों के खिलाफ कार्रवाई

By Vipin Kumar Sharma Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Wed, 18 Mar 2026 05:03 PM (IST)

Bulandshahr News : बुलंदशहर में मौके पर पहुंची महिला थाना प्रभारी से हाथापाई की गई। पुलिस ने आरोपित मां-बेटी को गिरफ्तार कर लिया।

प्रतीकात्मक फोटो

प्रतीकात्मक फोटो

HighLights

  1. पुलिस ने मां व बेटी का शांतिभंग में किया चालान।

  2. जेल में पहुंचते ही मां की अचानक तबीयत बिगड़ी।

जागरण संवाददाता, बुलंदशहर। मां के साथ बेटी पति के मकान पहुंची और तोड़फोड की। सूचना पर पहुंची महिला थानाध्यक्ष के साथ दोनों ने हाथापाई की। इस पर पुलिस ने मां व बेटी का शांतिभंग में चालान कर दिया।

सिटी मजिस्ट्रेट ने मां व बेटी को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया। जेल में मां की तबीयत खराब होने पर नाेएडा रेफर कर दिया गया। बेटी व उसके पति के बीच दहेज उत्पीड़न को लेकर कोर्ट में मामला विचाराधीन है।

पुलिस के अनुसार सिकंदराबाद देवी मंदिर के पास रहने वाली सपना पत्नी राजवीर की पुत्री आशिका उर्फ तनु की शादी राधानगर निवासी विकास के साथ हुई थी। वैवाहिक जीवन में विवाद होने पर आशिका ने पति विकास सहित अन्य ससुराल पक्ष के लोगों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न आदि के आरोप में सिकंदराबाद कोतवाली पर नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई थी।

विवेचना उपरांत पुलिस ने इस मामले में आरोप पत्र न्यायालय में दाखिल कर दिया। वर्तमान में उक्त मामले का वाद न्यायालय में विचाराधीन है। आरोप है कि मंगलवार को मां-बेटी राधानगर स्थित विकास के घर पहुंची और वहां खड़ी कार के शीशा एवं मकान में तोड़फोड़ करना शुरू कर दिया।

आरोप है कि मौके पर पहुंची महिला थाना प्रभारी स्वाति के साथ मां-बेटी ने हाथापाई की। सूचना पर मौके पर पहुंचे कोतवाली प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र सिंह राठौर ने मां-बेटी को गिरफ्तार कर मामले को शांत कराया। उसके बाद दोनों का शांतिभंग करने के आरोप में चालान कर सिटी मजिस्ट्रेट की अदालत में पेश किया।

सिटी मजिस्ट्रेट ने सपना और उसकी बेटी आशिका को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया। जिसके बाद देर शाम कोतवाली पुलिस मां-बेटी जेल में दाखिल करने लेकर पहुंची। जेल में पहुंचते ही सपना की अचानक तबीयत बिगड़ गई और बेहोश होकर वहीं जमीन पर गिर गई।

इसके बाद पुलिस सपना को लेकर जिला अस्पताल पहुंची, जहां से चिकित्सकों ने उसे हायर मेडिकल सेंटर के लिए रेफर कर नोएडा भेज दिया। बुधवार को दोनों को सिटी मजिस्ट्रेट की कोर्ट से जमानत मिल गई।

इन्होंने कहा

मंगलवार की देर शाम को सपना और उसकी पुत्री आशिका उर्फ तनु ने पति के मकान में तोड़फोड़ व महिला थाना प्रभारी के साथ अभद्रता की थी। इस पर दोनों का शांतिभंग में चालान किया गया था। बुधवार को सिटी मजिस्ट्रेट कोर्ट से मां-बेटी को जमानत मिल गई।

- प्रखर पांडेय, सीओ सिटी।

कोतवाली पुलिस सपना एवं आशिका को लेकर देर शाम जेल में दाखिल करने को लेकर यहां पहुंची थी। सपना की तबीयत खराब होने के कारण कारागार चिकित्सकों ने उसे जेल में लेने से असहमति जताई। जिसके बाद सपना को पुलिस के साथ वापस उपचार के लिए भेज दिया गया

- कोमल मंगलानी, जेल अधीक्षक बुलंदशहर।