बुलंदशहर वालों के लिए अच्छी खबर: मेडिकल कॉलेज में बनेंगे 8 नए दवा काउंटर और एक ही छत के नीचे होंगी खून की सभी जांच
बुलंदशहर के कल्याण सिंह राजकीय मेडिकल कॉलेज से सम्बंद्ध जिला अस्पताल में मरीजों की सुविधा के लिए आठ नए दवा ...और पढ़ें

HighLights
प्रतिदिन ढाई हजार से अधिक मरीजों को लंबी कतारों से मुक्ति मिलेगी।
दिव्यांग, महिला, बुजुर्गों के लिए अलग काउंटर की व्यवस्था होगी।
जागरण संवाददाता, बुलंदशहर। कल्याण सिंह राजकीय मेडिकल काॅलेज से सम्बद्ध जिला अस्पताल में मरीज और तीमारदारों की सुविधा के लिए लगातार सुधार किया जा रहा है। दवा वितरण काउंटर पर घंटों तक कतार लगने के झंझट को खत्म करने के लिए अब आठ नए दवा काउंटर बनेंगे। इसके लिए मेडिकल कालेज प्रधानाचार्य ने सीएमओ से पुराने सीएमएसडी स्टोर की खाली हुई जगह मांगी है।
मेडिकल काॅलेज की प्रधानाचार्य डा. संगीता अनेजा ने बताया कि मेडिकल कालेज में अभी दवा के दो काउंटर चल रहे हैं। मेडिकल काॅलेज बनने के बाद से संबद्ध अस्पताल में मरीजों की भीड़ बढ़ रही है। प्रतिदिन ढाई हजार से अधिक मरीज पहुंच रहे हैं। दो काउंटर पर मरीजों की भीड़ रहती है। इससे मरीजों को दवा लेने में समय लगने के साथ ही मरीजों को परेशानी होती है। इसलिए अब दवा काउंटर की संख्या बढ़ाई जाएगी।
कुल आठ काउंटर बनाए जाएंगे। इसमें दिव्यांग, महिला, बुजुर्ग, पूर्व सैनिक, सामान्य मरीजों के लिए व्यवस्था की जाएगी। प्रधानाचार्य ने बताया कि दवा काउंटर के लिए जगह तलाशी जा रही है। मेडिकल कालेज की नई बिल्डिंग के पास सीएमएसडी स्टोर की जगह खाली हुई है। उसके लिए सीएमओ से बात करेंगे। वहां जगह नहीं मिलती है तो दूसरे स्थान पर दवा काउंटर बनाया जाएगा। पैथोलाजी लैब भी शिफ्ट कर दी है।
यह भी पढ़ें- कौन हैं IFS हंसराज सिंह वर्मा? जो क्यूबा में होंगे भारत के राजदूत; UP के गांव से है इनका नाता
एक ही छत के नीचे ब्लड की सभी जांच के लिए डायग्नोस्टिक सेंटर बनाया जा रहा है। दो दिन पहले प्रमुख सचिव स्वास्थ्य ने वीडियो कांफ्रेंसिंग में मेडिकल कालेज में सभी स्थानों पर सीसीटीवी लगाने और और प्रकाश की व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं। इसके लिए काम शुरू करवा दिया है।
