शादी के 4 माह बाद पति ने दूसरी पत्नी को लाठी-डंडों से पीटकर मार डाला; पहली पत्नी ने फांसी लगाकर दी थी जान
Bulandshahr News: बुलंदशहर के नरौरा थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक व्यक्ति ...और पढ़ें

खुशबू और फहमुद्दीन के फाइल फोटो
HighLights
आरोपित ने मेरठ निवासी खुशबू से दूसरा निकाह किया था।
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजा, मामले की जांच जारी।
जागरण संवाददाता, बुलंदशहर। नरौरा थाना क्षेत्र के गांव पिलखना में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। गांव निवासी फहमुद्दीन ने अपनी दूसरी पत्नी 27 वर्षीय खुशबू की पीट-पीटकर हत्या कर दी। दोनों का निकाह लगभग चार माह पहले ही हुआ था। घटना के बाद से आरोपित फरार है। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को जिला अस्पजाल स्थित मर्चरी भेज है।
गांव पिलखना निवासी फहमुद्दीन आटो चालक है। फहमुद्दीन की पहली पत्नी ने लगभग आठ माह पहले फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। इस मामले में थाने पर किसी के भी द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की गई थी। फहमुद्दीन पर पहली पत्नी से दो बेटी और एक बेटा हैं।
पहली पत्नी की मौत के बाद फहमुद्दीन ने मेरठ के थाना लिसाड़ी गेट क्षेत्र के मुहल्ला त्रिलोकपुरी निवासी खुशबू से दूसरा निकाह किया था। निकाह के समय खुशबू भी तलाकशुदा महिला थी। खुशबू का वैवाहिक जीवन शुरू से ही कलहपूर्ण रहा। आरोप है कि फहमुद्दीन आए दिन खुशबू के साथ मारपीट करता था।
शुक्रवार की रात भी किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। विवाद इतना बढ़ गया कि फहमुद्दीन ने लाठी-डंडों से बेरहमी से पिटाई कर दी। गंभीर चोट लगने से खुशबू की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपित पति मौके से भाग गया। सुचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को जिला अस्पताल भिजवाया।
सूचना पाकर खुशबू के मायके पक्ष के लोग भी उसकी ससुराल पहुंच गए है। हालाकि अभी तक किसी के भी द्वारा थाने पर तहरीर नहीं दी गई है।
थाना प्रभारी निरीक्षक रामवीर सिंह ने बताया कि खुसबू के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। थाने पर अभी तक किसी के भी इस बाबत तहरीर नहीं दी गई है, तहरीर मिलने पर नियमानुसार रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। जल्द ही आरोपित को गिरफ्तार कर मामले का राजफाश कर दिया जाएगा।
गांव में इस घटना के बाद सनसनी फैली हुई है। वहीं पहली पत्नी की आत्महत्या और अब दूसरी पत्नी की हत्या को लेकर ग्रामीणों में तरह-तरह की चर्चाएं हैं।
