विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बुलंदशहर में रोडवेज बस और ट्रक की जोरदार टक्कर में तीन लोगों की मौत, 30 घायल

Published: Mon, 30 Nov 2026 12:50 AM (IST)

बुलंदशहर में दिल्ली-बदायूं मार्ग पर रोडवेज बस और ट्रक की भीषण टक्कर में बस चालक समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि 30 अन्य घायल हो गए।

दिल्ली बदायू हाईवे पर घटना स्थल पर लगी भीड़

दिल्ली बदायू हाईवे पर घटना स्थल पर लगी भीड़

HighLights

  1. बुलंदशहर में रोडवेज बस और ट्रक की भीषण टक्कर हुई।

  2. हादसे में तीन लोगों की मौत, 30 लोग घायल हुए।

  3. घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया, यातायात सुचारु।

जागरण संवाददाता, बुलंदशहर। शिकारपुर कोतवाली क्षेत्र में दिल्ली-बदायूं मार्ग पर रविवार की शाम नौ बजे कौशांबी डिपो की बस और ट्रक में भिड़ंत हो गई। दुर्घटना में बुलंदशहर निवासी रोडवेज बस चालक और बस सवार बदायूं निवासी मां-बेटी की मौत हो गई। ट्रक चालक, क्लीनर समेत तीस लोग घायल हो गए।

कौशांबी डिपो की रोडवेज बस (यूपी-78एफएन 5373) दिल्ली से बदायूं जा रही थी। बुलंदशहर से निकलकर बस शिकारपुर की तरफ जा रही थी। रास्ते में चिट्टा गांव के पास डिबाई से बुलंदशहर जा रहे सीमेंट से भरे ट्रक (एचआर 58ई-3623) से रोडवेज बस की भिड़ंत हो गई।

82657251

दुर्घटना इतनी जबरदस्त हुई की रोडवेज बस के परखच्चे उड़ गए। दुर्घटना में रोडवेज बस चालक बुलंदशहर जनपद के थाना अहमदगढ़ क्षेत्र के गांव जगदीशपुर निवासी 42 वर्षीय ओमवीर पुत्र कुंवर सिंह और बस सवार बदायूं जनपद के थाना जरीफनगर क्षेत्र के गांव आंतर निवासी 38 वर्षीय अनिता पत्नी बनवारी और उसकी पांच वर्षीय बेटी गायत्री की मौके पर ही मौत हो गई।

बस चालक बुरी तरह फंसने के कारण बस काटकर शव निकाला गया। हादसे में उनके दोनों पैर कट गए थे। ट्रक चालक लखीमपुर खीरी जनपद के नीमगांव थाना क्षेत्र के गांव बदरिया निवासी सचिन पुत्र राजवीर, क्लीनर और बस परिचालक जनपद कन्नौज निवासी गोविंद सिंह समेत 30 लोग घायल हो गए।

दुर्घटना के बाद हाईवे पर जाम लग गया। सूचना मिलते ही शिकारपुर थाना पुलिस समेत पुलिस प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। घायलों को सरकारी एंबुलेंस से कल्याण सिंह राजकीय मेडिकल कॉलेज और जेपी हॉस्पिटल चिट्टा में भेजा गया।

पुलिस ने जेसीबी की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर जाम खुलवाकर यातायात सुचारू कराया। जिलाधिकारी कुमार गौरव और एसएसपी दिनेश कुमार सिंह ने मेडिकल कालेज से संबद्ध जिला अस्पताल पहुंचकर घायलों का हाल जाना।

हादसे में जान गंवाने वाली मां-बेटी और बस चालक का शव मर्चरी में रखवा दिया गया है। जिलाधिकारी का कहना है कि 20 लोग जेपी हास्पिटल चिट्टा में और दस जिला अस्पताल में भर्ती हैं। घायलों को बेहतर इलाज के निर्देश स्वास्थ्य अधिकारियों को दिए हैं।

यह भी पढ़ें- बुलंदशहर में कार ने बाइक में मारी टक्कर, दो लोगों की मौत; बिजनौर में भी सड़क हादसे में गई एक की जान



देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।