यूपी के बुलंदशहर में खौफनाक वारदात, तंत्र-मंत्र के लिए 4 साल की मासूम की बलि; कटी मिलीं हाथों की उंगलियां
बुलंदशहर में एक चार वर्षीय बच्ची की तंत्र-मंत्र के लिए बलि चढ़ा दी गई। पुलिस ने बच्ची का शव पड़ोसी किराएदार महिला के कमरे से बरामद किया।

प्रतीकात्मक तस्वीर
HighLights
चार वर्षीय बच्ची की तंत्र-मंत्र के लिए बलि चढ़ाई गई।
पुलिस ने पड़ोसी किराएदार महिला के कमरे से शव बरामद किया।
गुस्साए लोगों ने आरोपित महिला को फांसी देने की मांग की।
जागरण संवाददाता, बुलंदशहर। तंत्र-मंत्र कर चार वर्षीय बच्ची की बलि चढ़ा दी। घर-घर तलाशी अभियान चलाकर पुलिस ने शव पड़ोसी किराएदार महिला के कमरे से बरामद किया है। घटना से गुस्सा स्वजन व लोगों ने भूड़ चौराहा पर जाम लगाया। इसके बाद जिला अस्पताल में हंगामा कर आरोपित महिला को फांसी दिए जाने की मांग की।
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को जिला अस्पताल भेजा है। ऑटो चालक सचिन की चार वर्षीय पुत्री मान्या शनिवार सुबह 11 बजे खेलते हुए घर से लापता हो गई थी। काफी देर तक बच्ची के वापस घर नहीं आने पर स्वजन ने आसपास एवं रिश्तेदारी में उसकी तलाशी शुरू की। कहीं पर बच्ची का सुराग नहीं मिलने पर मामले की पुलिस को सूचना दी गई। इसके बाद थाना कोतवाली नगर, कोतवाली देहात, कोतवाली सिकंदराबाद के अलावा सात थानों की पुलिस एवं एसओजी ने बच्ची की तलाश में जुटी।
पुलिस ने आसपास के अलावा मुहल्ले एवं मार्ग और प्रतिष्ठा एवं दुकानों पर लगे सीसीटीवी कैमरा की फुटेज खंगाली। सीसीटीवी कैमरा में बच्ची का कहीं कोई पता नहीं लगने एवं आने जाने की गतिविधियां नहीं पाए जाने पर आसपास के मकान की पुलिस ने तलाशी शुरू की।
पुलिस ने शुरू की मामले की जांच
पड़ोसी मकान में किराएदार महिला का कमरा बंद पाए जाने पर पुलिस ने कई बार महिला को बुलाया, लेकिन वह मौके पर नहीं पहुंची। इसके बाद किराएदार महिला के कमरे का ताला तोड़ा और बच्ची का शव फर्श पर गद्दे के नीचे से बरामद किया। पुलिस के अनुसार बच्ची के हाथों की अंगुलियां कटी थीं और शरीर पर तंत्र मंत्र की क्रियाएं थीं।
बच्ची का शव मिलने से गुस्साए लोगों ने भूड़ चौराहा पर जाम लगा दिया। चौराहे के चारों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। मौके पर पहुंचे एसएसपी दिनेश कुमार सिंह ने लोगों को समझा बूझाकर जाम खुलवाया और यातायात को सुचारू कराया। इसके बाद लोगों ने जिला अस्पताल पहुंचकर जमकर हंगामा किया और आरोपित महिला को फांसी दिए जाने की मांग की।
एसएसपी दिनेश कुमार सिंह ने बताया है कि पुलिस की प्रारंभिक जांच में बच्ची की तंत्र मंत्र के लिए हत्या करने का मामला सामने आया है। आरोपित महिला एक साल पहले पड़ोस में किराए पर आकर रहने लगी। महिला अपनी सात वर्षीय बेटी और पुत्र के साथ किराए पर रहती है। महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। महिला पूछताछ में बार-बार जगह बदलकर रहना बता रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।