बुलंदशहर में अब बिना प्रदूषण प्रमाणपत्र के पेट्रोल पंपों पर नहीं मिलेगा ईंधन, हाईटेक कैमरे से होगी जांच
बुलंदशहर के पेट्रोल पंपों पर अब ऑटोमेटिक नंबर प्लेट रिकॉर्डर (एएनपीआर) कैमरे लगाए जाएंगे, जो वाहन पोर्टल से जुड़कर प्रदूषण फैलाने वाले वाहनों की पहचान करेंगे।

इस तस्वीर को प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए AI टूल Gemini की मदद से बनाया गया है।
HighLights
पेट्रोल पंपों पर लगेंगे ऑटोमेटिक नंबर प्लेट रिकार्डर कैमरे।
प्रदूषण फैलाने वाले वाहनों की पहचान कर ईंधन रोका जाएगा।
डीएम की अध्यक्षता में पांच सदस्यीय समिति करेगी निगरानी।
जागरण संवाददाता, बुलंदशहर। जिले के पेट्रोल पंपों पर अब ऑटोमेटिक नंबर प्लेट रिकार्डर (एएनपीआर) कैमरे लगाए जाएंगे और इन्हें वाहन पोर्टल से जोड़ा जाएगा।
इनकी मदद से प्रदूषण फैलाने वाले वाहनों की पहचान हो सकेगी। प्रदूषण रोकने और यातायात नियमों का पालन कराने के लिए प्रशासन ने तैयारी तेज कर दी है।
डीएम की अध्यक्षता में पांच सदस्यीय समिति गठित की गई है। समिति पेट्रोल पंपों का औचक निरीक्षण कर कैमरों की स्थापना और कार्यशीलता जांचेगी।
एआरटीओ प्रशासन नीतू सिंह के अनुसार, पेट्रोल पंप पर वाहन पहुंचते ही एएनपीआर कैमरे हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट स्कैन करेंगे और वाहन की पूरी जानकारी सामने आ जाएगी।
इससे पीयूसीसी वाले और इसके बिना चल रहे वाहनों की पहचान हो सकेगी। जिन वाहनों के पास पीयूसीसी नहीं होगा, उन्हें पेट्रोल पंपों पर ईंधन देने से रोक दिया जाएगा। शासन के निर्देश पर कैमरे लगाने और उन्हें वाहन पोर्टल से जोड़ने की व्यवस्था की जा रही है।
समिति में एडीएम प्रशासन, सीओ यातायात और डीएसओ सदस्य हैं, जबकि एआरटीओ प्रवर्तन को सदस्य सचिव बनाया गया है। समिति यह जांचेगी कि पेट्रोल पंपों पर कैमरे लगे हैं या नहीं, वे सुचारू रूप से काम कर रहे हैं या नहीं और वाहन पोर्टल से जुड़े हैं या नहीं। इससे नंबर प्लेट स्कैन होते ही वाहन के दस्तावेजों की स्थिति पता चल सकेगी।