बिजनौर में दूध लेने जा रही महिला को हाथी ने हमलाकर मार डाला
Bijnor News : बिजनौर के रामपुर चाठा गांव में दूध लेने जा रही महिला पर हाथी ने हमला कर दिया, ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक फोटो
HighLights
ग्रामीणों को सड़क के किनारे पड़ा मिला शव।
ग्रामीणों ने किया हंगामा, मुआवजे की मांग।
संवाद सूत्र, मंडावली (बिजनौर)। गांव रामपुर चाठा में एक महिला पांच सौ मीटर दूरी पर डेरे से दूध लेने के लिए घर से निकली थी। रास्ते में एक हाथी अचानक महिला के सामने आया और हमला कर दिया। हाथी ने महिला का उठाकर तेजी से जमीन पर पटक दिया। गंभीर रूप से घायल हुई महिला की मौके पर ही मौत हो गई।
उधर, काफी देर तक महिला के वापस न आने पर स्वजन ने उसकी तलाश शुरू की तो किनारे शव पड़ा मिला। सूचना पर पुलिस व वन विभाग की टीम गांव पहुंची। काफी देर तक ग्रामीणों ने विरोध जताते हुए शव नहीं उठने दिया। बाद में आश्वासन पर ग्रामीण मान गए और शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
गांव रामपुर चाठा निवासी सुरेंद्र सिंह की 40 वर्षीय पत्नी ब्रह्मवती शुक्रवार की सुबह घर से दूध लेने के लिए कालू के डेरे की ओर जा रही थीं। इसी दौरान अचानक एक हाथी ने उन पर हमला कर दिया। हमले में महिला की मौके पर ही मौत हो गई। काफी देर तक ब्रह्मवती घर वापस नहीं आई तो उनकी तलाश शुरू की गई। इसी बीच खेतों की ओर जा रहे कुछ किसानों ने सड़क किनारे एक महिला का शव पड़ा देखा। पास जाकर देखा तो शव ब्रह्मवती का निकला सूचना पर स्वजन व ग्रामीण मौके पर पहुंचे और हंगामा शुरू हो गया।
ग्रामीणों ने वन विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि कुछ दिन पहले भी एक हाथी ने कालू नामक व्यक्ति पर हमला किया था, लेकिन विभाग ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई की जाती, तो यह हादसा टल सकता था।
उधर, मौके पर पहुंचे वन दरोगा योगेश कुमार और ग्रामीणों के बीच इस दौरान नोकझोंक भी हुई। बाद में डीएफओ अभिनव राज मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों के सामने पीड़ित परिवार को जल्द मुआवजा दिलाने और हाथी की रोकथाम के लिए आवश्यक कदम उठाने का आश्वासन दिया है। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जाने दिया।
यह भी पढ़ें- प्रेमिका ने युवक की गोली मारकर की हत्या, बिजनौर में भी सामने आया बागपत जैसा मामला
थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार ने बताया कि भागूवाला चौकी प्रभारी निरीक्षक अवधेशानंद और संजय यादव ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई पूरी की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है।
यह भी पढ़ें- चढ़त के दौरान पहुंची दूल्हे की प्रेमिका का जमकर हंगामा, बोली- ' मैं नहीं होने दूंगी ये शादी...'
