विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'अपनी औलाद की कसम खाएं अधिकारी तो...'; वन भूमि पर कब्जे के आरोपों पर बोले सपा विधायक स्वामी ओमवेश

Published: Wed, 18 Nov 2026 10:44 PM (IST)

चांदपुर से सपा विधायक स्वामी ओमवेश पर बिजनौर में राज्य वन्यजीव बारहसिंगा अभ्यारण्य की भूमि पर कब्जा कर गायों का बाड़ा बनाने के लिए पिलर लगाने का आरोप लगा है।

विधायक स्वामी ओमवेश

विधायक स्वामी ओमवेश

HighLights

  1. सपा विधायक पर बारहसिंगा अभ्यारण्य भूमि पर कब्जे का आरोप।

  2. गायों का बाड़ा बनाने के लिए 31 पिलर गड़वाए गए।

  3. विधायक ने आरोपों को खारिज कर वन अधिकारियों को चुनौती दी।

जागरण संवाददाता, बिजनौर। चांदपुर से सपा विधायक स्वामी ओमवेश पर राज्य वन्यजीव बारहसिंगा अभ्यारण्य की भूमि पर कब्जा कर गायों का बाड़ा बनाने के लिए 31 पिलर गड़वा का आरोप मंगलवार को लगा था। वन विभाग के कर्मचारियों द्वारा विरोध जताने पर विधायक अपने साथियों व ट्रैक्टर को मौके से लेकर चले गए।

क्षेत्रीय वनाधिकारी और वन दारोगा ने पिलर खुद उखाड़े। इस मामले में विधायक पर वन अपराध दर्ज कर लिया। उधर, बुधवार को विधायक ने भी वीडियो प्रसारित कर अपना पक्ष रखा। विधायक ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर मैने कब्जा किया है तो वन विभाग के अधिकारी अपनी औलाद की कसम खाएं। इसके बाद मैं खुद आत्मसमर्पण कर दूंगा।

विदुरकुटी के पास गांव गंज में चांदपुर से सपा विधायक स्वामी ओमवेश का केवलानंद निगम आश्रम है। यहीं उनका आवास, गोशाला और नर्सिंग कालेज है। यहां गंगा किनारे का क्षेत्र राज्य वन्यजीव बारहसिंगा सेंक्चुरी में शामिल है। मंगलवार को वन दारोगा हेमेंद्र सिंह गश्त पर गए तो उन्होंने आरक्षित वन क्षेत्र की भूमि में स्वामी ओमवेश को ट्रैक्टर से पिलर गड़वाते हुए देखा।

उन्होंने इस संबंध में पूछा तो विधायक ने गायों के लिए बाड़ा बनाने की बात कही। वन दारोगा ने एतराज किया तो विधायक स्वामी ओमवेश अपने साथी भूरा के साथ ट्रैक्टर लेकर वहां से चले गए। वहां दस से 12 बीघा भूमि में 31 पिलर गड़े हुए थे।प्रकरण में विधायक व एक अन्य पर वन अपराध के अंतर्गत मुकदमा दर्ज कर लिया गया।

उधर, बुधवार को विधायक ने वीडियो प्रसारित कर अपना पक्ष रखा। उन्होंने कहा कि अगर मैने वन विभाग की जमीन पर कब्जा किया है तो वन विभाग के अधिकारी अपनी औलाद की कसम खाकर बताएं।

उन्होंने आगे कहा कि करीब दो साल पहले दिशा की बैठक में वन रेंजर महेश गौतम के कार्य और जमीन पर कब्जा कराने की शिकायत पर सख्त एतराज जताया था। तभी से रेंजर उनसे रंजिश मान रहे हैं और उसी का परिणाम यह अपराध दर्ज कराना है। आगे कहा कि जिस जमीन का जिक्र किया जा रहा है वह उनकी नहीं है।

यह भी पढ़ें- 40 फीट गहरे कुएं में 20 घंटे से फंसा गुलदार, बिना ट्रेंकुलाइज कर निकालने पर हमले का डर; बिजनौर में नहीं हैं इसके एक्सपर्ट

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।