एसपी बिश्नोई के सामने राँग साइड दौड़ी बस, नजर पड़ते ही कप्तान ने लिया एक्शन, सीज के साथ कटा 29000 का चालान
एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई ने बिजनौर में हरिद्वार-काशीपुर हाईवे पर गलत साइड में चल रही एक तेज रफ्तार निजी बस को रुकवाया।
-1792753548741_m.webp)
HighLights
एसपी ने हाईवे पर गलत साइड बस को रोका।
चालक को फटकार लगाकर यात्रियों को जागरूक किया।
बस सीज कर 29 हजार रुपये का चालान काटा।
जागरण संवाददाता, बिजनौर। देहात क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था देखने निकले एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई ने कोतवाली देहात-नगीना के बीच हाईवे पर गलत साइड पर तेज रफ्तार से जा रही निजी बस को रुकवा लिया। एसपी ने बस में पहुंचकर चालक व परिचालक को फटकार लगाई। बस में बैठे यात्रियों को नसीहत किया। उन्हें सुरक्षित यातायात का पाठ पढ़ाया। इसके बाद कोतवाली देहात पुलिस ने बस का 29 हजार रुपये का आनलाइन चालान कर बस को सीज कर दिया है। बस एक पंचायत में शामिल लोगों को लेकर वापस जा रही थी।
यह है पूरा मामला
दरअसल, बुधवार शाम को एसपी बढ़ापुर और नगीना थाना क्षेत्र में जा रहे थे। वह हरिद्वार-काशीपुर हाईवे पर कोतवाली देहात-नगीना के बीच पहुंचे। उसी समय उनकी नजर हाईवे पर गलत साइड से दौड़ रही तेज रफ्तार एक बस पर पड़ी। ऐसा देखकर एसपी का पारा चढ़ गया। तुरंत ही पुलिसकर्मियों को बस रोकने के लिए कहा। पुलिस ने बस को रूकवा लिया। एसपी सीधे गाड़ी से उतरकर बस के अंदर पहुंच गए।
उन्होंने चालक और बस में बैठे लोगों को हाईवे पर गलत साइड में बस दौड़ने को लेकर नाराजगी जताई। चालक को जमकर फटकार लगाई। कहा कि इस तरह वे अपना ही नहीं दूसरे का भी जीवन खतरे में डाल रहे हैं। हाईवे पर वाहन तेज रफ्तार से चलते हैं। ऐसे में फोरलेन पर विपरीत साइड बस चलने से हादसे का खतरा है।
एसपी ने साथ चल रहे पुलिसकर्मियों से बस की वीडियो बनवाकर कोतवाली देहात पुलिस को भिजवायया। बस बिजनौर में आयोजित भाकियू की महापंचायत से कार्यकर्ताओं को लेकर जा रही थी। पुलिस ने यात्रियों को गंतव्य तक पहुंचाने के बाद बस को कोतवाली देहात थाने लाकर सीज कर दिया है। बस का 29 हजार रुपये का आनलाइन चालान कर दिया गया है।
यातायात नियमों के प्रति जागरूक होना चाहिए। हाईवे पर गलत साइड में बस तेज रफ्तार से जा रही थी। बस से यात्रियों को छुड़वाने के बाद उसे थाने लाकर सीज कर दिया गया है। बस का 29 हजार का चालान कर दिया गया है।
-कृष्ण कुमार बिश्नोई, एसपी
यह भी पढ़ें- ‘अश्लील वीडियो देखते हैं, एक साल की जेल होगी’; डीएसपी बनकर साइबर ठग ने साहिबगंज के दो शिक्षकों को धमकाया
यह भी पढ़ें- पंचायत चुनाव से पहले हिस्ट्रीशीटरों के घर पहुंचेगी यूपी पुलिस, शामली में एसपी के निर्देश पर अभियान शुरू
