‘अश्लील वीडियो देखते हैं, एक साल की जेल होगी’; डीएसपी बनकर साइबर ठग ने साहिबगंज के दो शिक्षकों को धमकाया
Sahibganj Sextortion: एक साइबर अपराधी ने डीएसपी बनकर दो शिक्षकों को अश्लील वीडियो देखने का आरोप लगाकर धमकाया और पैसे ...और पढ़ें

साइबर अपराधियों ने शिक्षक को डिजिटल अरेस्ट करने की कोशिश की। (सांकेतिक फोटो)
HighLights
साइबर अपराधी ने डीएसपी बनकर शिक्षकों को धमकाया।
अश्लील वीडियो देखने का आरोप लगाकर जुर्माना मांगा।
शिक्षकों ने साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराई।
संवाद सहयोगी, साहिबगंज। Sahibganj Sextortion: 'आप बार-बार मोबाइल पर अश्लील वीडियो देखते हैं। आपको एक साल तक की सजा और एक लाख रुपये तक जुर्माना हो सकता है। मैं साइबर मुख्यालय से डीएसपी बोल रहा हूं। आपके नाम नोटिस जारी किया गया है। नौकरी भी जा सकती है। मामला मैनेज करना है तो बात कीजिए...'
कुछ इसी अंदाज में साइबर अपराधी ने गुरुवार को दो शिक्षकों को फोन कर धमकाया और अपने जाल में फंसाने की कोशिश की। हालांकि, सहायक अध्यापक शिक्षक संघ के प्रदेश महासचिव विकास चौधरी की सक्रियता से साइबर ठग की चाल नाकाम हो गई। मामले में शिक्षकों ने साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराई है।
बताया जाता है कि साइबर अपराधी ने गुरुवार को सबसे पहले उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय छोटा तेतरिया के शिक्षक विकास कुमार चौधरी को काल किया। उन्हें मोबाइल में अश्लील वीडियो देखने की बात कहते हुए 10 मिनट के अंदर डीएसपी मुख्यालय के कार्यालय में आने को कहा गया।
विकास चौधरी ने आने से इन्कार किया तब केस करने की धमकी दी। विकास चौधरी ने साहिबगंज एसपी को कांफ्रेंस में लेने की बात कही तो वह भड़क गया। गिरफ्तारी के लिए पुलिस को भेजने की बात कही। विकास चौधरी मामला समझ गए। इसके बाद फोन पर दोनों में खूब नोकझाेंक हुई। तब उसने काल काट दिया।
इसके कुछ देर बाद उसी साइबर अपराधी ने उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय छोटा लोहंडा के प्रधानाध्यापक ताराचंद मुंडा को काल किया। उन्हें भी इसी तरह झांसे में लेने की कोशिश की। उनके वाट्सअप पर नोटिस भी भेज दिया तथा एक लाख रुपये में मैनेज करने की बात कही।
नोटिस देखकर ताराचंद मुंडा डर गए और अपने स्वजनों से मोबाइल में अश्लील वीडियो देखने के बारे में पूछताछ की। इसके बाद उन्होंने विकास चौधरी को फोन किया तथा नोटिस भेजकर मामले की जानकारी दी। इसके बाद मामले का खुलासा हुआ।
