साहिबगंज: एमजीआर लाइन पर मिला सीआइएसएफ जवान का शव, कोयला चोरों के हमले की आशंका
Sahibganj News: पतना (साहिबगंज) में फरक्का-ललमटिया एमजीआर रेल लाइन पर एक कोयला लदी मालगाड़ी से गिरकर सीआइएसएफ जवान अशोक कुमार घड़ेई की मौत हो गई।

फरक्का-ललमटिया एमजीआर रेल लाइन। (फाइल फोटो)
संवाद सहयाेगी, पतना (साहिबगंज)। झारखंड के साहिबगंज जिले में फरक्का-ललमटिया एमजीआर रेल लाइन ( Merry-Go-Round Railway) पर चुटिया व कुंवरपुर के बीच से गुरुवार तड़के सीआइएसएफ जवान 47 वर्षीय अशोक कुमार घड़ेई का शव बरामद किया गया। जवान की मृत्यु कैसे हुई, पुलिस मामले की जांच कर रही है।
आशंका जतायी जा रही है कि कोयला लदी मालगाड़ी से गिरने से उसकी मौत हो गयी। कोयला चोरों के हमले में मालगाड़ी से गिरकर मौत के एंगल से भी जांच की जा रही है। क्योंकि जहां घटना हुई है वहां पर कोयला चोरी की घटनाएं होती रहती हैं। कोयला चोर सीआइएसएफ जवानों पर हमला करने से भी बाज नहीं आते हैं।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल राजमहल भेज दिया है। मामले की छानबीन की जा रही है। जवान श्री अरविंद नगर ओड़िशा का रहनेवाला था तथा एनटीपीसी फरक्का में ड्यूटी में तैनात था।
सीआइएसएफ कमांडेंट ने साहिबगंज एसपी को दी सूचना
बताया जा रहा है कि सीआइएसएफ के कमांडेंट ने मामले की जानकारी साहिबगंज एसपी अमित कुमार सिंह को दी। एसपी के निर्देश पर रांगा थाने की पुलिस वहां पहुंची। जवान का जांघ कटा हुआ था तथा सिर में भी चोट थी।
पुलिस कर्मी उसे उठाकर बरहड़वा सीएचसी ले गए जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। सूत्रों की मानें तो जिस जगह पर शव मिला है वहां पूर्व में कोयला चोरी की कई घटनाएं हो चुकी है।
ललमटिया से कोयला लेकर फरक्का जा रही थी मालगाड़ी
कोयला चोरी रोकने पर कोयला चोरों व सीआइएसफ जवानों के बीच भिड़ंत की भी घटनाएं हो चुकी है। यह घटना कोयला चोरी रोकने की वजह से हुई है या किसी अन्य कारण से पुलिस इसकी छानबीन कर रही है।
मालगाड़ी ललमटिया से कोयला लेकर एनटीपीसी फरक्का जा रही थी। कोयला चोरी रोकने के लिए मालगाड़ियों पर सीआइएसएफ के जवान तैनात रहते हैं। जवान की मालगाड़ी पर ड्यूटी थी।
यह भी पढ़ें- झारखंड के आदिवासी गांव में सड़क ही नहीं, खाट पर गर्भवती को 4 KM तक ढोया
यह भी पढ़ें- पुलिस संस्मरण दिवस: देशभर में 154 जवानों ने दिया सर्वोच्च बलिदान, साहिबगंज में शहीदों को दी गई श्रद्धांजलि
