PM मोदी ने चमकाई बिजनौर की बबीता रानी की किस्मत, हर्बल टी को मिला ₹1.25 करोड़ का इंटरनेशनल ऑर्डर
बिजनौर की बबीता रानी द्वारा बनाई गई हर्बल टी को प्रधानमंत्री मोदी के 'मन की बात' में जिक्र के बाद अंतरराष्ट्रीय पहचान मिली।

पीएम मोदी और गांव लक्खीवाला में विदुर प्रेरणा स्वदेशी हर्बल टी की पैकिंग करतीं समूह की महिलाएं
HighLights
पीएम मोदी ने 'मन की बात' में हर्बल टी का जिक्र किया।
यूपी ट्रेड शो में 1.40 लाख डॉलर के विदेशी ऑर्डर मिले।
बिजनौर समूह अब खुद निर्यात लाइसेंस बनवा रहा है।
जागरण संवाददाता, बिजनौर। खाना बनाते हुए हर्बल टी बनाने का प्रयोग गांव से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी तक जा पहुंचा। प्रधानमंत्री ने नाम लिया तो यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो में भी चाय को 1.40 लाख डॉलर के विदेशी ऑर्डर मिल गए।
अब समूह द्वारा विदुर प्रेरणा स्वदेशी हर्बल टी भेजने के लिए खुद का निर्यात लाइसेंस बनवाया जा रहा है। सब कुछ सही रहा तो देशी हर्बल टीम स्वयं सहायता समूह जिले का पहला समूह होगा जो खुद अपना माल विदेश भेजेगा।
कोतवाली ब्लॉक के गांव लक्खीवाला निवासी बबीता रानी खाना बनाते समय स्वजन से बात कर रहीं थीं। बातों-बातों में बात निकलकर सामने आई कि स्वस्थ रहने के लिए लोगों में गिलोय, मुलेठी, कच्ची हल्दी, इलायची, सौंफ आदि औषधीय गुण वाले खाद्य पदार्थाें को खाने का चलन बढ़ गया है।
उन्होंने तब सोचा कि क्यों न वे लेमन ग्रास को इनसे जोड़कर देखें। तब उन्होंने और थोड़ी लेमन ग्रास काटकर गिलोय, मुलेठी, कच्ची हल्दी, इलायची, सौंफ आदि का मिश्रण उस पर छिड़का। इस तरह हर्बल टी तैयार की। इसकी चाय बनाकर खुद पी तो जायका अच्छा लगा। उन्होंने इसकी चाय बनाकर पैकिंग कर बेचनी शुरू की।
26 जुलाई को मन की बात कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने विदुर प्रेरणा देशी हर्बल टी का नाम लिया तो देश भर में यह प्रसिद्ध हाे गई। यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो में लगाए गए स्टाल में हर्बल टी के लिए अजरबैजान, तजाकिस्तान, उज्बेकिस्तान से 1.40 लाख डॉलर यानि लगभग सवा करोड़ रुपये के ऑर्डर मिले।
अब समूह द्वारा खुद ही माल विदेश भेजने की तैयारी की जा रही है। इसके लिए निर्यात से जुड़े लाइसेंस की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। अब तक जिले से किसी समूह का माल सीधे तौर पर विदेश नहीं गया है।
यह भी पढ़ें- करवा चौथ पर बढ़ा 'बुलडोजर' और 'सदा सुहागिन कंगनों का क्रेज, फिरोजाबाद की चूड़ियां बनीं महिलाओं की पहली पसंद
हाल ही में आयोजित ब्रिक्स सम्मेलन में भी विदुर प्रेरणा स्वदेशी हर्बल टी विदेशी मेहमानों को परोसी गई थी। चाय के 100 ग्राम के पैकेट पर 350 रुपये प्रिंट है। समूह को देश से भी काफी ऑर्डर मिल रहे हैं।
समूह की महिलाएं लगातार अच्छा काम कर रही हैं। उन्हें प्रशासन द्वारा भी पूरी सहायता की जा रही है। उम्मीद है कि समूह को देश-विदेश से और ऑर्डर मिलेंगे।- रणविजय सिंह, सीडीओ
