VIDEO: मालिक को बचाने को गुलदार से भिड़ा कुत्ता, इससे गुलदार पेड़ पर जा बैठा, 2 घंटे बाद दूसरे किसान को हमला कर किया घायल
Bijnor News: बिजनौर के मलकंठपुर गढ़ी गांव में एक गुलदार ने किसान पर हमला कर गंभीर रूप से घायल कर ...और पढ़ें
HighLights
बिजनौर के मलकंठपुर गढ़ी में गुलदार ने किसान पर हमला किया।
पालतू कुत्ते ने गुलदार से भिड़कर मालिक को बचाया।
संवाद सूत्र, रेहड़ (बिजनौर)। अमानगढ़ टाइगर रिजर्व वन रेंज से सटे गांव मलकंठपुर गढ़ी में मंगलवार सुबह गुलदार (तेंदुआ) एक किसान के घर के बाहर आ गया। पालतू कुत्ते के साथ टहलने जा रहा किसान गुलदार को देख भयभीत हो गया। इसके बाद पालतू कुत्ता गुलदार से भिड़ गया।
इस दौरान गुलदार (Leopard ) पेड़ पर चढ़ गया और करीब दो घंटे तक बैठा रहा। बाद में गुलदार के नीचे कूदने के बाद उसने दूसरे किसान पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर घायल हो गया। मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम ने गुलदार को भगाने के लिए हवाई फायरिंग भी की। पिंजरा लगाकर निगरानी के लिए वनकर्मियों को तैनात कर दिया गया है।
गांव मलकंठपुर गढ़ी अमानगढ़ टाइगर रेंज के बिलकुल पास स्थित है। मंगलवार सुबह करीब पौने छह बजे गांव निवासी सरदार भूपेंद्र सिंह अपने पालतू कुत्ते रोबिन के साथ टहलने जाने के लिए तैयार हुए।
जैसे ही उन्होंने मेन गेट खोला तो सामने गुलदार बैठा देखकर वह भयभीत हो गए। तभी उनका पालतू कुत्ता गुलदार से भिड़ गया, गनीमत रही कि गुलदार ने भूपेंद्र सिंह व कुत्ते पर हमला नहीं किया। कुत्ते के लगातार भौंकने से गुलदार भूपेंद्र के घर के बराबर में उनके खेत में खड़े यूकेलिप्टिस के पेड़ पर चढ़ गया। पालतू कुत्ता भी काफी देर तक पेड़ के नीचे से भौंकता रहा, जिससे गुलदार करीब दो घंटे तक पेड़ पर ही बैठा रहा।
यह भी पढ़ें- पिंजरे में गुलदार के साथ कैद होने पर राेने लगा कुत्ता, लेकिन बच गई उसकी जान
भूपेंद्र की सूचना पर बड़ी संख्या में आसपास के ग्रामीण और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने भी गुलदार को भगाने के लिए तीन राउंड हवाई फायरिंग की। करीब दो घंटे बाद गुलदार पेड़ से नीचे कूदा, जिससे ग्रामीणों में भगदड़ मच गई। इस दौरान ग्रामीणों ने सोचा कि गुलदार जंगल की ओर भाग गया, लेकिन वह खेत में छिपा हुआ था। तभी पास के गांव देवानंदपुर गढ़ी निवासी सरदार परमजीत सिंह की भागने के दौरान चप्पल खेत में रह गई थी।
यह भी पढ़ें- गुलदार को सामने देखकर महिला ने नहीं हारी हिम्मत, डंडे से कई वार कर मौत को दी मात
जब वह चप्पल लेने पहुंचे तो अचानक खेत से निकल कर आए गुलदार ने उन पर हमला कर दिया। उनके चेहरे व सिर पर वार करने से गंभीर घायल हो गए। उन्हें पीएचसी कासमपुरगढ़ी में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के जिला मेडिकल कालेज अस्पताल रेफर कर दिया गया। वन विभाग ने घटना स्थल के पास पिंजरा लगाकर टीम तैनात कर दी है।
इन्होंने कहा
घटनास्थल के पास पिंजरा लगा दिया गया है, साथ ही चार वनकर्मियों की टीम 24 घंटे निगरानी के लिए तैनात की गई है। आसपास के किसानों व ग्रामीणों को भी सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।
-अंकिता किशोर, वन क्षेत्राधिकारी, अमानगढ़ टाइगर रिजर्व।
