गंगा एक्सप्रेसवे के लिए बिजनौर में हर दिन होगी 250 रजिस्ट्री, तीन तहसीलों में बनेगा इंडस्ट्रियल कॉरिडोर
डीएम जोगिंदर सिंह ने गंगा एक्सप्रेसवे के लिए भूमि अधिग्रहण की समीक्षा की और प्रतिदिन 250 बैनामों का लक्ष्य निर्धारित किया। उन्होंने तीन तहसीलों में औद्योगिक गलियारे विकसित करने के निर्देश दिए।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल गूगल जेमिनी की मदद से बनाया गया है।
HighLights
डीएम ने गंगा एक्सप्रेसवे भूमि अधिग्रहण की प्रगति की समीक्षा की।
बिजनौर में प्रतिदिन 250 बैनामों का लक्ष्य निर्धारित किया गया।
तीन तहसीलों में औद्योगिक गलियारे विकसित करने के निर्देश दिए।
जागरण संवाददाता, बिजनौर। गंगा एक्सप्रेसवे के लिए भूमि अधिग्रहण के अंतर्गत कराए जा रहे बैनामों की प्रगति की समीक्षा करते हुए डीएम जोगिंदर सिंह ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया। डीएम ने चयनित की गई गई तीन तहसील की भूमि के हर दिन 250 बैनामे करने का लक्ष्य भी निर्धारित किया। साथ ही एक्सप्रेसवे के लिए भूमि अधिग्रहण में बेहतर कार्य करने वाले चार लेखपालों को डीएम ने कलक्ट्रेट सभागार में सम्मानित भी किया।
डीएम जोगिंदर सिंह ने गंगा एक्सप्रेसवे के लिए जनपद की बिजनौर सदर, चांदपुर और नजीबाबाद में हो रहे जमीन अधिग्रहण की समीक्षा कर अधिकारियों को बैनामों का कार्य युद्ध स्तर पर अभियान चलाकर पूरा कराने के लिए निर्देशित किया।
उन्होंने तहसीलवार अधिकारियों को निर्देश दिए कि उन्हें प्रतिदिन जो लक्ष्य निर्धारित किया गया है, उसे हर हाल में पूरा करना सुनिश्चित करें औरकार्यों में किसी भी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए। कहा कि जिन भूमि के बैनामे हो चुके हैं, उन पर किसी भी प्रकार की मिट्टी की खुदाई न होने दी जाए।
उन्होंने एक्सप्रेसवे के निकट औद्योगिक गलियारे विकसित करने की संभावनाओं को देखते हुए तहसीलदार नजीबाबाद, सदर औरचांदपुर को अपने-अपने क्षेत्र में एक-एक हजार हेक्टेयर भूमि चिन्हित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को गूगल शीट पर निर्धारित प्रारूप-1 में सभी आवश्यक सूचनाएं समय से भरने तथा नौ ग्रामों के लिए लैंड एक्विजिशन प्लान तैयार करने के भी निर्देश दिए।
एडीएम न्यायिक शरद कुमार पाल ने बताया कि बैनामों के लिए सदर तहसील को प्रतिदिन 100, चांदपुर तहसील को 80 और नजीबाबाद तहसील को 70 बैनामे कराने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
उधर, डीएम ने परियोजना के लिए भूमि अधिग्रहण में बेहतर कार्य करने वाले लेखपाल पिंकुल कुमार, सोनम कुमारी, पुनीत सागर और महेंद्र सिंह को सम्मानित भी किया गया। इस दौरान एआईजी स्टांप तेज सिंह यादव, एसडीएम सदर स्मृति मिश्रा आदि मौजूद रहे।