नगर पालिका की शर्त से स्योहारा के आंगन में लौटी गौरैया की चहचहाहट, 100 से अधिक घरों में आने लगी नन्ही मेहमान
बिजनौर के स्योहारा में नगर पालिका ने भवन निर्माण के नक्शे की मंजूरी के लिए गौरैया के घोंसले को अनिवार्य कर दिया है। इस पहल से 100 से अधिक घरों में गौरैया लौटी हैं, जिससे पक्षी संरक्षण की नई अलख जगी है।

नवनीत शर्मा, बिजनौर। जिस गौरैया को कभी घर के आंगन का स्वाभाविक हिस्सा माना जाता था, उसके लिए अब नए मकानों में जगह सुनिश्चित करने की पहल हो रही है। उत्तर प्रदेश में बिजनौर जिले के स्योहारा में एक व्यक्ति ने नगर पालिका से आग्रह किया कि गौरैया के घटते आशियानों को बचाने के लिए भवन निर्माण के नियमों में संरक्षण को भी शामिल किया जाए।
इस सुझाव को नगर पालिका ने स्वीकार किया और नया नियम बना दिया कि भवन का नक्शा पास कराने के लिए घर में गौरैया के लिए घोंसले की व्यवस्था करनी होगी। एक व्यक्ति के इस छोटे से प्रयास ने पूरे क्षेत्र में पक्षी संरक्षण की नई अलख जगा दी।
अब तक 100 से अधिक लोग अपने घरों में घोंसले लगा चुके हैं। सुखद यह है कि इन आशियानों में गौरैया ने दस्तक भी दे दी है। यानी अब घर बनाने के साथ ही एक नन्हे परिंदे के लिए भी घर बनाने का सोच विकसित हो रहा है।
इस पहल के पीछे स्योहारा की करीब 300 साल पुरानी शेख जमाल की कोठी और उससे जुड़ी संरक्षण की परंपरा है। शेख फराज जमाल और नोमान शेख के परिवार ने दशकों से इस कोठी में गौरैया को आश्रय देने का काम किया है। फराज जमाल कहते हैं कि करीब 50 वर्ष पहले गौरैया को हमार दादा शेख जमाल ने आश्रय दिया था। इसके लिए कोठी में पेड़-पौधों, बेलों और पक्षियों के अनुकूल वातावरण तैयार किया गया।
अब यहां करीब ढाई हजार गौरैया और अन्य पक्षियों को आश्रय मिला हुआ है। इसी वजह से यह कोठी अब 'गौरैया हवेली' के नाम से पहचानी जाती है। परिवार ने अपनी इस विरासत को केवल एक निजी प्रयास तक सीमित रखने के बजाय इसे पूरे कस्बे की मुहिम बनाने की पहल की है, जिसमें नगर पालिका और स्थानीय लोगों का साथ मिला है।
फराज बताते हैं कि उ्न्होंने कुछ समय पहले नगर पालिका के सामने सुझाव रखा कि नए भवनों के निर्माण में गौरैया के लिए घोंसले की जगह अनिवार्य की जाए। नगर पालिका ने इस सुझाव को भवनों के नक्शे की स्वीकृति से जोड़ दिया। नए नियम के तहत भवन का नक्शा तभी पास होगा, जब परिसर का कुछ हिस्सा गौरैया के आशियाने के लिए समर्पित किया जाएगा।
इस व्यवस्था का असर यह हुआ कि लोगों ने केवल औपचारिकता पूरी करने के लिए घोंसले नहीं लगाए, वे खुद भी इस विचार से जुड़ने लगे। कस्बे के 100 से अधिक परिवारों ने अपने घरों में लकड़ी के घोंसले लगाए हैं। इनमें गौरैया की आवाजाही शुरू होने से लोगों को भी अपने पुराने दिनों की याद लौटती महसूस हो रही हैं।
बच्चों में बढ़ रहा पक्षियों के प्रति लगाव
कपिल शर्मा और खलील अहमद बताते हैं कि उन्होंने अपने घरों में घोंसले लगाए हैं और उनमें गौरैया आने लगी हैं। बच्चों को इन नन्हे पक्षियों को देखना और उन्हें दाना डालना अच्छा लगता है। नरेश अग्रवाल के अनुसार, पहले घरों में गौरैया सहज ही दिखाई देती थीं, लेकिन धीरे-धीरे उनकी मौजूदगी कम होती गई। अब घर में घोंसला लगाने के बाद फिर उनकी चहचहाहट सुनाई देने लगी है। इस तरह संरक्षण की पहल परिवारों के रोजमर्रा के जीवन से जुड़ रही है और बच्चों में भी पक्षियों के प्रति लगाव बढ़ रहा है।
संरक्षण को व्यवहार से जोड़ने का उदाहरण बन रहा स्योहारा
घरेलू गौरैया यानी हाउस स्पैरो का वैज्ञानिक नाम पासर डोमेस्टिकस है। इसे वर्ष 2012 में दिल्ली का राज्य पक्षी घोषित किया गया था। यह पक्षी कभी घरों की छतों, रोशनदानों और आंगनों में आसानी से घोंसले बना लेता था। आधुनिक भवनों में खाली जगहों और घोंसले बनाने के अनुकूल स्थानों की कमी, भोजन की उपलब्धता में बदलाव तथा शहरी वातावरण में आए परिवर्तन ने इसके प्राकृतिक आवास को प्रभावित किया है। ऐसे में नए भवनों में ही इसके लिए सुरक्षित जगह सुनिश्चित करने का स्योहारा का प्रयोग संरक्षण को व्यवहार से जोड़ने का उदाहरण बन रहा है।
गौरैया पार्क विकसित करने के लिए बेच देंगे अपनी हवेली
गौरैया हवेली के मालिक फराज जमाल की योजना इस मुहिम को और बड़े स्तर पर ले जाने की है। वह बढ़ापुर क्षेत्र में गौरैया पार्क विकसित करने के लिए अपनी हवेली बेचने तक पर विचार कर रहे हैं। इसके लिए उन्हें सरकार और प्रशासन से सहयोग की उम्मीद है।
नगर पालिका की योजना अब इस पहल को सार्वजनिक स्थानों तक भी विस्तार देने की है। इसी कड़ी में मुहल्ला शेखान स्थित तालाब को विकसित किया जाएगा। यहां गौरैया हाउस और पक्षियों के अनुकूल अन्य सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इस परियोजना पर करीब 21.30 लाख रुपये खर्च किए जाने की योजना है। नगर में तीन तालाबों के जीर्णोद्धार की योजना भी तैयार की गई है। उद्देश्य यह है कि पक्षियों को घोंसलों के साथ पानी और अनुकूल वातावरण भी उपलब्ध हो।
-विजेंद्र सिंह पाल, अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका, स्योहारा
यह भी पढ़ें- बिजनौर वाले ध्यान दें! 700 मीटर लंबे ओवर ब्रिज निर्माण के लिए बंद होगा रेलवे फाटक, वैकल्पिक मार्ग का करें इस्तेमाल
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।