बिजनौर में बासमती चावल की जैविक खेती से बंपर कमाई, किसानों को मिलेगा प्रशिक्षण, निर्यात पर ज्यादा दाम
बिजनौर में किसानों को बासमती चावल की जैविक खेती का प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिससे उन्हें बेहतर दाम मिल सकें और निर्यात में भी मदद मिलेगी।
-1794540190773_m.webp)
कृषि विज्ञान केंद्र नगीना में खड़ी धान की फसल। जागरण आर्काइव
HighLights
किसानों को जैविक बासमती चावल खेती का प्रशिक्षण मिलेगा।
नगीना कृषि विज्ञान केंद्र बना सेंटर ऑफ एक्सीलेंस।
जैविक खेती से किसानों को मिलेंगे अधिक दाम।
जागरण संवाददाता, बिजनौर। नगीना स्थित कृषि विज्ञान द्वारा किसानों को बासमती धान की जैविक खेती से जोड़ा जाएगा। किसान बासमती धान में जैविक खाद व जैविक पेस्टीसाइड का ही प्रयोग करेंगे। रासायनिक तत्व नहीं होंगे तो किसानों को फसल के अच्छे दाम मिलेंगे। विदेशों में भी माल प्राथमिकता पर लिया जाएगा। अगले सत्र से इसका आगाज किया जाएगा।
नगीना स्थित कृषि विज्ञान केंद्र में 13 एकड़ भूमि है। यहां गेहूं, धान व अन्य फसलों की उन्नत प्रजाति की बीज की बुआई की जाती है। ये बीज बाद में कृषि विभाग के द्वारा किसानों को दिए जाते हैं। किसानों को जैविक खेती से जोड़ने का काम भी कृषि विज्ञानी करते हैं।
45 हजार हेक्टेयर भूमि में धान का रकबा
जिले में धान का रकबा लगभग 45 हजार हेक्टेयर भूमि में रहता है। इसमें आधे से अधिक रकबा बासमती धान का रहता है। जिले का बासमती धान खाड़ी देशों में बहुत प्रसिद्ध है। भारत से निर्यात होने वाले बासमती धान की पहली प्रजाति नगीना बासमती-1 भी कृषि विज्ञान केंद्र में ही तैयार की गई थी।
विदेशों में अनाज, फल आदि खरीदने से पूर्व अब फसलों की बहुत गहनता से जांच की जा रही है और लैब में उनमें मौजूद रासायनिक तत्वों को देखा जा रहा है। हाल ही में भारत का आम खरीदने से कई देशों ने मना कर दिया था। इससे नुकसान किसानों का ही होता है। चावल जिले से सबसे अधिक निर्यात होने वाली फसल है।
किसानों को बासमती धान की खेती से जोड़ने के लिए कृषि विज्ञान केंद्र को सेंटर आफ एक्सीलेंस बनाया गया है। किसानों को यहां बुलाकर जैविक खेती का प्रशिक्षण दिया जाएगा।
किसानों को ऐसे जैविक खाद व जैविक पेस्टीसाइड के बारे में बताया जाएगा जो फसल की पैदावार बढ़ाएंगे और रोगों को नष्ट करेंगे लेकिन फसल में किसी रासायनिक तत्व का असर नहीं बढ़ेगा। साथ ही फसल की पैदावार भी कम नहीं होगी।
लगेगी बीज की ग्रेडिंग और प्रोसेसिंग यूनिट
केंद्र पर धान की फसल की ग्रेडिंग और प्रोसेसिंग के लिए भी यूनिट लगेगी। जो किसान अपने खेत में पैदा हुए धान को अगले वर्ष लगाना चाहते हैं वे यहां बीज का शोधन करा सकेंगे। इस यूनिट से किसानों को सर्वोत्तम बीज मिलेगा। अच्छे बीज की फसल रोपित होगी तो पैदावार भी बढ़ेगी।
कृषि विज्ञान केंद्र नगीना को बासमती धान की खेती के लिए सेंटर आफ एक्सीलेंस बनाया गया है। किसानों को सभी फसलों की जैविक खेती के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
-डाॅ. केके सिंह, प्रभारी अधिकारी, कृषि विज्ञान केंद्र नगीना
यह भी पढ़ें- रबी फसलों की बोआई शुरू, बंपर पैदावार के लिए अपनाएं कृषि विशेषज्ञों की बताई खास तकनीक
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।