रबी फसलों की बोआई शुरू, बंपर पैदावार के लिए अपनाएं कृषि विशेषज्ञों की बताई खास तकनीक
रबी मौसम में चना, मटर और मसूर की बुवाई से पहले बीज शोधन आवश्यक है।

ये तस्वीर AI द्वारा जनरेट की गई है।
HighLights
रबी फसलों चना, मटर, मसूर के लिए बीज शोधन महत्वपूर्ण।
बीज शोधन से रोगों से बचाव, उत्पादन में वृद्धि।
कृषि विशेषज्ञों ने उचित रासायनिक, जैविक उपचार सुझाए।
जागरण संवाददाता, अमेठी। रबी मौसम में चना, मटर एवं मसूर की बोआई का कार्य प्रारंभ हो गया है। इन दलहनी फसलों से बेहतर उत्पादन प्राप्त करने के लिए उन्नतशील प्रजातियों एवं संतुलित पोषक तत्वों के प्रयोग के साथ-साथ बोआई से पहले बीज शोधन करना भी अत्यंत आवश्यक है।
बीज शोधन एक सरल, कम खर्चीली एवं प्रभावी तकनीक है, जिसके माध्यम से बीज एवं मृदा जनित रोगों से फसलों को प्रारंभिक अवस्था में सुरक्षित रखने में सहायता मिलती है।
कृषि विज्ञान केंद्र कठौरा के फसल सुरक्षा विशेषज्ञ डॉ. लाल पंकज सिंह ने किसानों को सलाह दी है कि चना, मटर एवं मसूर की बोआई से पहले बीजों का उचित उपचार अवश्य करें। बिना बीज शोधन के बुवाई करने पर उकठा, जड़ सड़न, कालर राट एवं बीज सड़न जैसे रोगों का प्रकोप हो सकता है, जिससे पौधों की संख्या कम होने के साथ-साथ उत्पादन पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है।

उन्होंने बताया कि फफूंद जनित रोगों से बचाव के लिए चना, मटर एवं मसूर के बीजों को कार्बेन्डाजिम 50 प्रतिशत डब्ल्यूपी की दो ग्राम मात्रा अथवा थिरम 75 प्रतिशत डब्ल्यूएस की 2.5 ग्राम मात्रा प्रति किलोग्राम बीज की दर से उपचारित किया जा सकता है। इसके अतिरिक्त ट्राइकोडर्मा की 6-8 ग्राम मात्रा प्रति किलोग्राम बीज की दर से भी बीज उपचारित किया जा सकता है।
रासायनिक एवं जैविक उपचार को एक साथ मिलाकर प्रयोग न करें। बीज उपचार के बाद बीजों को छायादार स्थान पर सुखाकर शीघ्र बोआई करनी चाहिए। दलहनी फसलों में जड़ों पर गांठें बनाने वाले लाभकारी जीवाणुओं की सक्रियता बढ़ाने के लिए राइजोबियम कल्चर से बीज उपचार करना भी लाभकारी होता है।
रासायनिक उपचार के बाद जैव उर्वरक कल्चर का प्रयोग निर्धारित विधि एवं अंतराल के अनुसार करें। किसानों से अपील की कि वे बोआई से पहले बीज शोधन को खेती का अनिवार्य हिस्सा बनाएं। स्वस्थ एवं रोगमुक्त पौधों की स्थापना से फसल की बढ़वार अच्छी होती है तथा बेहतर उत्पादन प्राप्त करने की संभावना बढ़ जाती है। थोड़ी सी सावधानी अपनाकर किसान फसल की शुरुआती अवस्था में होने वाले नुकसान को काफी हद तक कम कर सकते हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।