बिजनौर में स्कूल से निकलते ही टीचर की गोली मारकर हत्या, आरोपित ने थाने पहुंचकर किया सरेंडर
Bijnor News: बिजनौर के पुरुषोत्तमपुर प्राथमिक विद्यालय के शिक्षक नौशाद की स्कूल से निकलते ही गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।

शिक्षक नौशाद का फाइल फोटो
HighLights
पुरुषोत्तमपुर प्राथमिक विद्यालय में शिक्षक थे नौशाद।
विद्यालय से करीब 150 मीटर दूर हुई वारदात।
संवाद सहयोगी, बिजनौर। प्राथमिक विद्यालय पुरुषोत्तमपुर के शिक्षक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इससे इलाके में दहशत फैल गई। गोली मारने के बाद आरोपित ने थाना कोतवाली नजीबाबाद पहुंचकर सरेंडर कर दिया। पुलिस आरोपित से पूछताछ कर रही थी।
मंडावली थाना क्षेत्र के ग्राम सिकरौड़ा निवासी नौशाद पिछले कई वर्षों से राहतपुर खुर्द में मकान बनाकर रह रहे थे। वे पुरुषोत्तमपुर स्थित प्राथमिक विद्यालय में शिक्षक थे। मंगलवार को विद्यालय में छुट्टी होने के बाद वह वहां से निकले थे।
बताया जा रहा है कि जैसे ही वह विद्यालय से करीब 150 मीटर दूर रजवाहे के पास पहुंचे, तो वहां पहले से ही बाइक लेकर खड़े युवक ने उन पर गोली चला दी। गोली शिक्षक के पेट में लगी और वह सड़क पर गिर पड़े।
राहगीरों ने उन्हें गंभीर हालत में नजीबाबाद स्थित एचएमएच अस्पताल पहुंचाया, जहां के चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए उत्तराखंड के जौलीग्रांट स्थित हिमालयन अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।
यह भी पढ़ें- गंगा किनारे मिली पत्नी की लाश, 1 KM दूर अजीब हालत में पेड़ से लटका मिला पति का शव; बिजनौर पुलिस जांच में जुटी
वहां पर उपचार के दौरान नौशाद की मौत हो गई। घटना के बाद आरोपित ने थाना कोतवाली पहुंचकर सरेंडर कर दिया। हालांकि, गोली चलाने के पीछे का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस इस मामले की गहनता से जांच में जुटी है।
यह भी पढ़ें- नोट गिनते ही मानसिक संतुलन खो बैठा दुकानदार, बुर्का पहने पहुंचीं 5 महिलाओं ने 8 लाख का सोना किया साफ
घटना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जानकारी जुटाई तथा वारदात से जुड़े तथ्यों की पड़ताल शुरू कर दी है। कोतवाल अमित कुमार ने बताया कि घटना के आरोपित ने आत्मसर्म्पण कर दिया। पुलिस आरोपित से पूछताछ कर रही है।
