बिजनौर में भैया दूज मनाने जा रहे परिवार पर गुलदार ने किया हमला, 5 लोग घायल
भैयादूज पर रिश्तेदारी जा रहे बिजनौर के एक परिवार पर गुलदार ने हमला कर दिया, जिससे बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई और पांच लोग घायल हो गए।

प्रतीकात्मक तस्वीर
HighLights
भैयादूज पर रिश्तेदारी जा रहे परिवार पर गुलदार हमला।
बाइक गिरने से परिवार के पांच सदस्य हुए घायल।
किसानों ने शोर मचाकर गुलदार को खेतों में भगाया।
संवाद सूत्र, बिजनौर। बाइक से भैयादूज पर रिश्तेदारी में जा रहे एक परिवार पर गुलदार ने हमला बोल दिया। गुलदार के हमले से अनियंत्रित होकर बाइक गिर गई। परिवार के पांच लोग बाइक और एक दूसरे के नीचे ही दब गए। गुलदार ने फिर से हमला करने की कोशिश की तो परिवार ने शोर मचा दिया। खेतों में काम कर रहे किसानों ने गुलदार को भगाया। पूरे परिवार को निजी अस्पताल में भर्ती किया गया है।
गांव मुकरपुर सत्ती निवासी सुशील कुमार अपनी पत्नी ममता देवी के साथ भैयादूज पर बाइक से ससुराल नहटौर के गांव खेड़ा जा रहे थे। उनके तीनों बच्चे भी उनके साथ थे। गांव महमूदपुर के पास जंगल के रास्ते में हनुमान मंदिर के पास गन्ने के खेत से गुलदार अचानक निकल आया और पीछे से उन पर हमला करने की कोशिश की और उनकी ओर झपटा।
गुलदार का पंजा या दांत तो किसी को नहीं लगा लेकिन डर और हड़बड़ाहट के मारे उनकी बाइक सड़क पर अनियंत्रित होकर गिर पड़ी। मुकेश कुमार, ममता देवी और उनके तीनों बच्चे बाइक और एक दूसरे के नीचे दब गए। गुलदार ने फिर से उन पर हमला करने की कोशिश की।
गुलदार को हमला करता देख परिवार के लोगों में चीख पुकार मच गई। खेतों में काम कर रहे किसान चीख पुकार सुनकर शोर मचाते हुए मौके की ओर दौड़े। किसानों को आता देख गुलदार खेतों में भाग गया। हादसे में सुशील कुमार, ममता देवी और उनके तीनों बच्चे घायल हो गए।
यह भी पढ़ें- बिजनौर में शादी का दबाव बना तो कर दी प्रेमिका की हत्या, डेढ़ माह बाद बरामद हुए लापता युवती का कंकाल
उन्होंने ससुराल में फोन कर सूचना दी। मुकेश कुमार के ससुराल वाले और उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया। उनकी बड़ी बेटी पलक के एक हाथ और एक पैर की हड्डी टूट गई है। दूसरी बेटी कनक और बेटे विवांश को भी चोट आई हैं। ग्रामीणों ने बताया कि यहां काफी दिन से गुलदार दिखाई दे रहा है। उन्होंने वन विभाग से पिंजरा लगाकर गुलदार को पकड़ने की मांग की है।
गुलदारों को पकड़ने के लिए लगातार पिंजरे लगाए जा रहे हैं। घटनास्थल के पास भी पिंजरा लगाया जाएगा। गांव वालों को भी खेतों में सतर्क होकर काम करने को कहा जा रहा है।- जय सिंह कुशवाहा, डीएफओ
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।