बिजनौर जेल में गैंगस्टर मौत मामले में दिन भर चला हंगामा, लापरवाही पर दो जेल वार्डर सस्पेंड; मजिस्ट्रियल जांच शुरू
बिजनौर जिला कारागार में गैंगस्टर दीपक कुमार की मौत के बाद दिन भर हंगामा चला, जिसमें पुलिस से धक्का-मुक्की और ...और पढ़ें

जेल में गैंगस्टर की मौत को लेकर दिन भर हंगामा।
HighLights
बिजनौर जेल में गैंगस्टर दीपक कुमार की संदिग्ध मौत।
पुलिस से झड़प, जजी चौराहे पर भीड़ ने जाम लगाया।
दो जेल वार्डर निलंबित, मजिस्ट्रियल जांच के आदेश।
जागरण संवाददाता, बिजनौर। जिला कारागार में गैंगस्टर के फांसी लगाने के मामले में सोमवार को भी दिन भर हंगामा चला। पोस्टमार्टम हाउस पर पुलिस से धक्का मुक्की और नोकझोंक हुई। भीड़ ने पुलिस को धक्कियाते हुए जजी चौराहे पर जाम लगा दिया।पोस्टमार्टम के बाद शव को दोपहर को कड़ी सुरक्षा में गांव ले जाया गया है। उधर, ड्यूटी में लापरवाही पर जेल प्रशासन ने दो जेल वार्डर को निलंबित कर दिया है। डीएम ने एसडीएम सदर को मजिस्ट्रियल जांच सौंपी है।
शहर कोतवाली के गांव पृथ्वीपुर मोल्हड़ निवासी एक गैंगस्टर दीपक कुमार ने रविवार दोपहर जिला कारागार में संदिग्ध हालात में फांसी लगाने से मौत हो गई थी। इस मामले रविवार को स्वजन ने बंदी रक्षकों और कुछ बंदियों पर हत्या का आरोप लगाते हुए जमकर बवाल काटा था।
निजी कार्यक्रम में शामिल होने आए बरेली डीआइजी अजय साहनी की गाड़ी का भी घेराव किया था। रविवार देर रात तक पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने का प्रयास किया लेकिन स्वजन तैयार नहीं हुए। सोमवार सुबह फिर से बड़ी संख्या में भीड़ पोस्टमार्टम हाउस पहुंच गई और फिर से हंगामा शुरू कर दिया।
एहतियात के तौर पर कई थानों की पुलिस और पीएसी पोस्टमार्टम हाउस व चौराहों पर तैनात कर दी गई। दोपहर दो बजे महिलाएं व अन्य स्वजन पोस्टमार्टम हाउस से निकलकर जजी चौक पर जाने लगे। महिला पुलिसकर्मियों ने उन्हें रोकने का प्रयास किया।
इस दौरान महिला पुलिसकर्मियों की महिलाओं से धक्का मुक्की और हाथापाई हुई। लेकिन पुलिस को धक्कियाते हुए महिलाएं जजी पर पहुंच गईं और चौराहे पर पंक्ति बनाकर जाम लगा दिया। पुलिस ने उन्हें हटाने का प्रयास किया तो महिलाएं सड़क पर लेट गईं।
हंगामा कर रहे लोगों का कहना था कि उन्हें जेल की घटना से दस घंटे पहले और दस घंटे बाद की फुटेज दिलाई जाए। साथ ही मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। एक घंटे हंगामे के बाद पुलिस ने बमुश्किल जाम खुलवाया।
दोपहर तीन बजे पोस्टमार्टम के बाद कड़ी सुरक्षा में शव को दीपक के गांव ले जाया गया। विदुरकुटी घाट पर शव के अंतिम संस्कार की तैयारी की जा रही है। गांव में भारी फोर्स तैनात है।
डीएम से मिले स्वजन, जांच का दिया आश्वासन
दोपहर के समय मृतक दीपक के स्वजन को शहर कोतवाल रामप्रताप डीएम जसजीत कौर के पास लेकर पहुंचे। दीपक के पिता, मां और भाई ने डीएम से मुलाकात की। इस दौरान डीएम के सामने आर्थिक मदद और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
डीएम ने आश्वासन दिया कि पूरे मामले की जांच एसडीएम सदर को सौंपी गई है। पैनल से शव का पोस्टमार्टम कराकर वीडियोग्राफी भी कराई गई है। जांच पूरी होने पर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। आर्थिक मदद का भी भरसोस दिलाया। उधर जेल प्रशासन ने जेल वार्डर/बंदी रक्षक विपिन और जोगेंद्र को निलंबित कर दिया है।
