बिजनौर में दो पक्षों में फायरिंग और पथराव, एक शख्स को लगी गोली; 21 लोगों पर मुकदमा दर्ज
बिजनौर के महदूद नशो गांव में दो पक्षों के बीच विवाद में फायरिंग और पथराव हुआ, जिसमें एक युवक को गोली लगी और पांच अन्य घायल हो गए।

चांदपुर के गांव महदूद नशो में तमंचे से फायरिंग करता आरोपित युवक और गोली लगने से घायल हुए युवक का उपचार करते चिकित्सक
HighLights
बिजनौर के महदूद नशो गांव में दो पक्षों में विवाद।
फायरिंग और पथराव में एक युवक को गोली लगी।
पुलिस ने 10 नामजद सहित 21 लोगों पर केस दर्ज किया।
संवाद सहयोगी, बिजनौर। गांव महदूद नशो में दो पक्षों में जमकर विवाद हो गया। इस बीच फायरिंग और पथराव भी हुआ। इस दौरान एक युवक के पैर में गोली लगी, जबकि पांच लोग घायल हो गए। वहीं, फायरिंग करने का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहा है। उधर, पुलिस की ओर से इस मामले में 10 लोगों का नामजद करते हुए 21 के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
शुगर मिल चौकी के गांव महदूद नशो निवासी इंतजार अहमद बीते सोमवार को अपने परिवार संग हीमपुरदीपा क्षेत्र के गांव गांगू नंगला में एक शादी समारोह में गया था। बताया जाता है कि गांव के अन्य लोग भी शादी में गए थे। इस दौरान गांव के ही कुछ युवकों से उनसे कहासुनी हुई। तब तो मामला शांत करा दिया गया और दोनों पक्ष गांव लौट आए।
मंगलवार देर शाम इंतजार पक्ष घर पर था। तभी दूसरे पक्ष के नवेद व कासिम समेत अन्य लोगों ने उन पर हमला कर दिया। जिसके बाद दोनों पक्ष आमने सामने आ गए। जमकर पथराव शुरू हो गया और एक युवक ने तमंचे से हवाई फायरिंग कर दी। जिसमें इंतजार पक्ष के फैजान के पैर में गोली लग गई। जिसके बाद मौके पर भगदड़ मच गई।
उधर, पथराव व मारपीट में पांच से अधिक घायल हो गए। फैजान समेत अन्य घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया गया। जबकि, फैजान को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। उधर, मारपीट और फायरिंग किए जाने का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित कर दिया गया।
सूचना पर पुलिस वहां पहुंची और जानकारी ली। कोतवाल सुधीर पवार ने बताया कि मामले में एसआई सागर चौधरी की ओर से एक पक्ष से कासिम, नवेद, मुशीर, नदीम, नसीम और दूसरे पक्ष से फैजान, अलताब, अमन, इकरार व नवेद को नामजद करते हुए 11 अन्य के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया गया है। आरोपितों की गिरफ्तारी को दबिश दी जा रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।