विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बच्चों के लिए क्यों जानलेवा है कसौंदी की फली? दो बच्चियों की मौत से फिर लौट आया बिजनौर का पुराना 'दर्द' 

By Navneet Sharma Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Fri, 20 Nov 2026 08:40 PM (IST)

बिजनौर में कसौंदी की फलियां खाने से बच्चों की मौत की घटनाएं सामने आई हैं। जिससे लीवर और मांसपेशियों को गंभीर नुकसान होता है। इन घटनाओं को रोकने के लिए जागरूकता अभियान चलाने की आवश्यकता है।

बढ़ापुर में गुलाह नदी किनारे खड़ा कसौंदी की फली का पेड़, इंसेट में चाहत और माहिनूर के फाइल फोटो

बढ़ापुर में गुलाह नदी किनारे खड़ा कसौंदी की फली का पेड़, इंसेट में चाहत और माहिनूर के फाइल फोटो  

HighLights

  1. कसौंदी की फलियां लीवर, मांसपेशियों और मस्तिष्क को गंभीर नुकसान पहुंचाती हैं।

  2. ऐसी घटनाओं से बचाव के लिए जागरूकता अभियान चलाने की है जरूरत।

संवाद सहयोगी, नजीबाबाद (बिजनौर)। बढ़ापुर के मुहल्ला ठाकुरान निवासी तीन बच्चियां खेलते हुए मुहल्ले के पास ही स्थित गुलाह नदी किनारे गई थीं। यहां किनारे पर खड़े कसौंदी के पेड़ के पास उन्होंने इसकी फलियां तोड़ कर खाली खा लीं। इसके कुछ देर बाद ही तीनों की हालत बिगड़ गई। उपचार के दौरान दो बच्चियों चाहत व माहेनूर की मौत हो गई। तीसरी बच्ची सादिका की हालत गंभीर है। 

2018 में हुई थी पांच बच्चों की मौत  

जिला बिजनौर में कसौंदी की फलियां खाने से बच्चों की मौत का सिलसिला नया नहीं है। वर्ष 2018 में जिले में पांच बच्चों की मौत हो चुकी है। इनमें 20 अक्टूबर को साहनपुर की शबनम, 24 अक्टूबर को नजीबाबाद के पहाड़गंज की आफिया, सात नवंबर को इस्सेपुर की सलोनी और 10 नवंबर को बल्दिया के कार्तिक की मौत हुई थी।

वर्ष 2019 में भी आठ और नौ अक्टूबर को चांदपुर में आयशा और फरमान की मौत हुई। इसके बाद 31 अक्टूबर को कसौंदी की फली खाने से बीमार हुई लल्लावाला की पांच वर्षीय जुनैरा ने दो नवंबर को उपचार के दौरान दम तोड़ दिया था। इन घटनाओं से स्पष्ट है कि यह समस्या जिले में वर्षों से बनी हुई है।

कसौंदी के सेवन से लीवर और मांसपेशियों को हो सकता है नुकसान

वरिष्ठ चिकित्सक डाॅ. देवेंद्र सिंह ने बताया कि कसौंदी (Cassia occidentalis) के बीजों के सेवन से बच्चों में गंभीर विषाक्तता के मामले दर्ज किए गए हैं। इसके प्रभाव से लीवर, मांसपेशियों और मस्तिष्क की कार्यप्रणाली प्रभावित हो सकती है। गंभीर स्थिति में लीवर फेल होने तक का खतरा रहता है। उन्होंने बताया कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश के बच्चों में इस तरह के विषाक्तता के मामले चिकित्सा शोध में भी दर्ज हैं।

यह रखें ध्यान 

  • खेतों, झाड़ियों और नदी किनारे उगे अनजान पौधों की फलियां, बीज या पत्तियां बच्चों को न खाने दें।
  • किसी बच्चे के संदिग्ध पौधे की फली खाने पर लक्षणों का इंतजार न करें, तत्काल अस्पताल पहुंचाएं।
  • उल्टी कराने या घरेलू नुस्खे आजमाने से बचें।
  • संभव हो तो पौधे और खाई गई फली का नमूना या फोटो चिकित्सक को दिखाएं।
  • उल्टी, सुस्ती, पेट दर्द, पीलिया, बेहोशी या दौरे जैसे लक्षणों को गंभीरता से लें।

जागरूकता और रोकथाम जरूरी

कसौंदी की फलियों से जुड़ी बार-बार सामने आ रही घटनाएं ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता अभियान चलाने की जरूरत बताती हैं। नदी किनारे, खेतों के आसपास, स्कूलों और आबादी के नजदीक उगे ऐसे पौधों की पहचान कर बच्चों को उनसे दूर रखने के लिए अभिभावकों, ग्राम पंचायतों और स्वास्थ्य विभाग को संयुक्त प्रयास करने होंगे।

यह भी पढ़ें- नदी किनारे उगी कसौंदी की फली बनी काल, खेल-खेल में इसे खाने के बाद दो बच्चियों ने तोड़ा दम, तीसरी की हालत नाजुक

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।